Page Loader
जामनगर से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ सकती है रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा

जामनगर से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ सकती है रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा

Mar 19, 2019
04:44 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गुजरात की जामनगर सीट से लोकसभा चुनावों के लिए टिकट दे सकती है। रिवाबा कुछ दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुई थी। इससे पहले उन्हें गुजरात में करणी सेना ने महिला विंग की प्रमुख बनाया था। माना जा रहा है कि जामनगर सीट से कांग्रेस पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को अपना उम्मीदवार बना सकती है। ऐसे में इनके बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

राजनीति

गुजरात में भाजपा को चुनौती देगी कांग्रेस

फिलहाल जामनगर से भाजपा की पूनम माडम सांसद हैं। पूनम ने 2014 के चुनावों में कांग्रेस उम्मीदवार विक्रम माडम को हराया था। विक्रम माडम रिश्ते में पूनम के अंकल हैं। भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में गुजरात की सभी 26 सीटों पर जीत दर्ज की थी। प्रधानमंत्री मोदी के गृह राज्य गुजरात में कांग्रेस इस बार पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को शामिल कर भाजपा को कड़ी चुनौती पेश करने की तैयारी में है।

जानकारी

पेशे से इंजीनियर हैं रिवाबा

मैकेनिकल इंजीनियरिंग से पढ़ाई करने वाली रिवाबा के पिता राजकोट के करोड़पति व्यापारी हैं। उनकी मां प्रफुल्लबा रेलवे में काम करती हैं। रिवाबा के चाचा हरिसिंह सोलंकी गुजरात कांग्रेस के बड़े नेता हैं।

हार्दिक पटेल

हार्दिक पटेल ने जताई थी जामनगर से चुनाव की इच्छा

हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए युवा पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने भी जामनगर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की थी। हार्दिक ने कहा कि उन्होंने पार्टी हाईकमान से जामनगर से चुनाव लड़ने की अनुमति मांगी है। उन्होंने कहा कि सीट का फैसला पार्टी करेगी। पार्टी उन्हें जो भी भूमिका सौंपेगी, वे उसे निभाने को तैयार हैं। बता दें, हार्दिक के नेतृत्व में पाटीदारों ने गुजरात में आरक्षण के लिए बड़ा आंदोलन किया था।

चुनाव

11 अप्रैल से शुरू होंगे चुनाव

लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल से 19 मई के बीच 7 चरणों में होंगे। परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव में लगभग 90 करोड़ लोग वोट डालेंगे। उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल 3 ऐसे राज्य हैं जहां सभी सातों चरणों में चुनाव होंगे। झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा में 4 चरणों में चुनाव होंगे। असम और छत्तीसगढ़ में 3 चरणों में चुनाव होंगे। कर्नाटक, मणिपुर, राजस्थान और त्रिपुरा में 2 चरणों में चुनाव होंगे।