Page Loader
संसद का मानसून सत्र आज से; कांवड़ यात्रा, NEET और UPSC जैसे मामलों पर घेरेगा विपक्ष
संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू

संसद का मानसून सत्र आज से; कांवड़ यात्रा, NEET और UPSC जैसे मामलों पर घेरेगा विपक्ष

लेखन गजेंद्र
Jul 22, 2024
09:48 am

क्या है खबर?

संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू है। सोमवार को पहले दिन केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। 23 जुलाई को आम बजट पेश किया जाएगा। इस बीच विपक्ष भी सरकार को घेरने के लिए मुद्दों के साथ पूरी तरह तैयार है। इस बार उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कांवड़ मार्ग के बीच पड़ने वाली दुकानों पर 'नेमप्लेट' का मुद्दा जोर-शोर से उठाया जाएगा। इस मुद्दे पर सभी प्रमुख विपक्षी नेता विरोध दर्ज करा चुके हैं।

मुद्दे

और किन मुद्दों को उठाएगा विपक्ष?

कांवड़ मार्ग के अलावा राष्ट्रीय प्रवेश-सह पात्रता परीक्षा (NEET) पेपर लीक का मुद्दा उठाया जाएगा। यह पिछले सत्र में भी उठा था। ट्रेनी IAS पूजा खेडकर समेत तमाम IAS अधिकारियों के चयन को लेकर सामने आ रही कथित धांधली पर विपक्ष संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) का मुद्दा उठाएगा। इसके अलावा केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग और लोकसभा उपाध्यक्ष की नियुक्ति के मुद्दे पर भी विपक्ष सरकार से सवाल करेगी। बता दें, कांवड़ मार्ग का मुद्दा सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है।

सत्र

12 अगस्त तक चलेगा सत्र

मानसून सत्र 22 जुलाई से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान राज्यसभा और लोकसभा में 19 बैठक होंगी। मानसून सत्र शुरू होने से एक दिन पहले सर्वदलीय बैठक में सरकार ने सभी मुद्दों पर नियम से चर्चा करने की बात कही थी। संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने सभी दलों से सहयोग का आह्वान किया था। सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करने वाले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि इसकी पवित्रता बनाए रखी जानी चाहिए।

विधेयक

कौन-कौन से विधेयक लाएगी सरकार?

सत्र में सरकार 6 विधेयक पेश करेगी, जिनमें 90 साल पुराने विमान अधिनियम को प्रतिस्थापित करने का भारतीय वायुयान विधेयक भी शामिल है। यह अधिनियम 1934 के विमान अधिनियम का स्थान लेगा। इसके अलावा सूचीबद्ध अन्य विधेयकों में स्वतंत्रता-पूर्व कानून के स्थान पर बॉयलर विधेयक, कॉफी (संवर्धन और विकास) विधेयक और रबर (संवर्धन और विकास) विधेयक शामिल हैं। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर के बजट के लिए भी संसद की मंजूरी ली जाएगी, जो अभी केंद्रीय शासन के अधीन है।

बजट

लगातार अपना सातवां बजट पेश करेंगी सीतारमण

नई सरकार बनने से पहले 1 फरवरी, 2024 को अंतरिम बजट पेश किया गया था। अब निर्मला सीतारमण नई सरकार के गठन होने के बाद आम बजट पेश करेंगी। वित्त मंत्री सीतारमण का यह लगातार सातवां बजट होगा। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने लगातार 7 बार बजट पेश किया था। इस बजट में नौकरीपेशा लोग करों में राहत मिलने की उम्मीद जताए हुए हैं। साथ ही सरकार कई लोकलुभावन घोषणाएं कर सकती है।

विशेष दर्जा

भाजपा के सहयोगी विशेष दर्जे की मांग पर अड़े

मानसून सत्र में विपक्ष के मुद्दों के अलावा भाजपा को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगियों को भी संभालना होगा। NDA में शामिल बिहार की जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने विशेष दर्जे की मांग उठाई है। हालांकि, आंध्र प्रदेश की तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने कुछ नहीं कहा, लेकिन YSR कांग्रेस हावी है। ओडिशा में बीजू जनता दल (BJD) भी विशेष दर्जे की मांग कर रही है। इसके अलावा कांवड़ मार्ग मुद्दे पर NDA की कुछ पार्टियां असहमत हैं।