Page Loader
लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी, जानें कौन से बड़े चेहरे मैदान में
लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है

लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी, जानें कौन से बड़े चेहरे मैदान में

लेखन आबिद खान
Apr 19, 2024
10:36 am

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है। 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। आज मतदाता चुनावी मैदान में उतरे 1,625 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। 2019 के चुनावों के नतीजों के लिहाज से देखा जाए तो ये चरण काफी अहम है। आइए पहले चरण के चुनाव से जुड़ी सारी जरूरी बातें जानते हैं।

राड्य

किन राज्यों की कितनी सीटों पर रहा है मतदान? 

पहले चरण में तमिलनाडु की सबसे ज्यादा 39 सीटों पर मतदान हो रहा है। इसके अलावा राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की 8, मध्य प्रदेश की 6, असम, उत्तराखंड और महाराष्ट्र की 5-5, बिहार की 4, पश्चिम बंगाल की 3, मणिपुर, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश की 2-2 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मिजोरम, नागालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम और लक्षद्वीप की 1-1 सीट पर मतदान हो रहा है।

पार्टी

किस पार्टी के कितने नेता मैदान में?

पहले चरण में 134 महिला तो 1,491 पुरुष उम्मीदवार मैदान में हैं। पार्टियों के हिसाब से देखा जाए तो बहुजन समाज पार्टी (BSP) के 86, भाजपा के 77, कांग्रेस के 56, ऑल इंडिया द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) के 36, द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के 22, तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 5, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के 4, समाजवादी पार्टी (SP) के 7, राष्ट्रीय लोक दल (RLD), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) का 1-1 उम्मीदवार मैदान में है।

मंत्री

8 केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत का होगा फैसला

पहले चरण में 8 केंद्रीय मंत्री भी मैदान में हैं। महाराष्ट्र के नागपुर से केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, राजस्थान के बीकानेर से कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और अलवर से पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से संजीव बालियान, पश्चिमी अरुणाचल प्रदेश से किरेन रिजिजू, असम के डिब्रूगढ़ से सर्बानंद सोनोवाल, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर से जितेंद्र सिंह और तमिलनाडु के नीलगिरी से एल मुरुगन मैदान में हैं।

बड़े चेहरे

ये बड़े चेहरे भी मैदान में

पश्चिम त्रिपुरा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब का मुकाबला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार साहा से है। छिंदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ, पीलीभीत से जितिन प्रसाद, कूचबिहार से निसिथ प्रमाणिक, कोयंबटूर से के अन्नामलाई, शिवगंगा से कार्ति चिदंबरम, हरिद्वार से त्रिवेंद्र सिंह रावत, गया से जीतन राम मांझी, जोरहाट से तपन कुमार गोगोई और मयीलाडुतुरै से एमके स्टालिन जैसे बड़े चेहरे भी पहले चरण में मैदान में हैं।

नतीजे

पिछले चुनावों में क्या रहे थे पहले चरण के नतीजे?

2019 के लोकसभा चुनाव में इन 102 सीटों में से भाजपा ने 40, DMK ने 24 और कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थीं। इसके अलावा BSP को 3, SP को 2 और अन्य पार्टियों को 18 सीटें मिली थीं। गठबंधन के लिहाज से देखा जाए तो 2019 में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) ने इन 102 सीटों में से 45 और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 41 सीटें जीती थीं। इस लिहाज से पहला चरण काफी अहम है।