Page Loader
वकील उज्जवल निकम को टिकट दे सकती है भाजपा, लड़ा था अजमल कसाब के खिलाफ केस
महाराष्ट्र के मुंबई में उत्तर-मध्य सीट से भाजपा वकील उज्जवल निकम को उतारने की तैयारी में

वकील उज्जवल निकम को टिकट दे सकती है भाजपा, लड़ा था अजमल कसाब के खिलाफ केस

लेखन गजेंद्र
Apr 18, 2024
05:51 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में मुंबई की उत्तर-मध्य सीट से भाजपा वरिष्ठ वकील उज्जवल निकम को लोकसभा चुनाव का टिकट दे सकती है। मौजूदा समय में पूनम महाजन यहां से सांसद हैं। महाराष्ट्र टाइम्स के मुताबिक, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने यहां 3 सर्वे कराए, जिसमें महाजन को लेकर रिपोर्ट ठीक नहीं आई। इससे चिंतित भाजपा यहां नया चेहरा उतारने की तैयारी में है। निकम के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आशीष शेलार का नाम भी इस सीट पर चल रहा था।

चुनाव

2 लोगों के इनकार करने पर निकम पर रुकी भाजपा की सुई

उत्तर-मध्य सीट पर भाजपा की पूनम महाजन 2014 से काबिज हैं। इससे पहले 2004 में कांग्रेस के एकनाथ गायकवाड और 2009 में प्रिया दत्त सांसद थीं। भाजपा को यहां से कोई बेहतर उम्मीदवार नहीं मिल रहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शेलार का निर्वाचन क्षेत्र बांद्रा पश्चिम इसी लोकसभा सीट के तहत आता है, लेकिन शेलार प्रदेश की राजनीति नहीं छोड़ना चाहते। अभिनेत्री माधुरी दीक्षित का नाम भी यहां से चर्चा में था। उनके इनकार के बाद निकम का नाम सामने आया।

उम्मीदवारी

कौन हैं उज्जवल निकम?

उज्जवल निकम वरिष्ठ वकील हैं, जो 26/11 मुंबई हमले के आतंकी अजमल कसाब के खिलाफ केस लड़ने के बाद चर्चा में आए थे। इससे पहले उन्होंने खैरलांजी नरसंहार समेत कई संवेदनशील मामले देखे हैं। कसाब के मामले में विशेष लोक अभियोजक बनकर उन्होंने कसाब को फांसी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। कसाब को 2012 में फांसी दी गई थी। निकम ने 1993 बॉम्बे बम धमाका, हिट-एंड-रन मामला और पुणे सीरियल बम धमाके के मामले में भी अभियोजक रहे हैं।