Page Loader
मायावती ने किया महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन, लेकिन रखी ये बड़ी शर्तें
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने महिला आरक्षण का समर्थन किया

मायावती ने किया महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन, लेकिन रखी ये बड़ी शर्तें

लेखन गजेंद्र
Sep 19, 2023
03:45 pm

क्या है खबर?

नए संसद भवन में पेश महिला आरक्षण विधेयक का बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने समर्थन किया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि वह विधेयक के साथ हैं। हालांकि, उन्होंने अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) और पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए अलग से कोटा निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आबादी के हिसाब से महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए तो अच्छा होगा।

बयान

SC, ST और OBC आरक्षण के साथ हो रहा खिलवाड़- मायावती

मायावती ने कहा, "संभावना है कि इस बार महिला आरक्षण विधेयक पारित हो जाएगा। पहले अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अलावा अभी OBC आरक्षण के साथ खिलवाड़ हो रहा है। मैं इस विधेयक का समर्थन करती हूं।" उन्होंने कहा, "सभी वर्गों का कोटा अलग से सुरक्षित करना चाहिए, ऐसा नहीं होने पर इन वर्गों के साथ नाइंसाफी होगी। हालांकि, फिर भी BSP विधेयक का समर्थन करेगी।"

प्रभाव

न्यूजबाइट्स प्लस

आजतक के मुताबिक, महिला आरक्षण विधेयक अगर पारित हो जाता है तो उत्तर प्रदेश की 26 लोकसभा सीटें और विधानसभा में 132 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा में अभी 403 सीटें हैं और यहां महिला विधायकों की संख्या मात्र 48 है। विधान परिषद में केवल 6 प्रतिशत महिलाएं हैं। लोकसभा सीटों की बात करें तो उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर केवल 11 पर महिला सांसद हैं।