Page Loader
दिल्ली विधानसभा चुनाव: आतिशी ने उपराज्यपाल को दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, भंग हुई विधानसभा
दिल्ली में आतिशी ने दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा

दिल्ली विधानसभा चुनाव: आतिशी ने उपराज्यपाल को दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, भंग हुई विधानसभा

Feb 09, 2025
11:22 am

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को मिली हार के बाद मुख्यमंत्री आतिशी ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सुबह 11 बजे सचिवालय में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया। अब जल्द ही भाजपा भी उपराज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। इससे पहले पार्टी को मुख्यमंत्री के चेहरे का भी ऐलान करना है। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

जानकारी

उपराज्यपाल ने दिए विधानसभा भंग करने के आदेश

आतिशी के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ देर बाद ही उपराज्यपाल सक्सेना ने विधानसभा भंग करने के आदेश दे दिए। ऐसे में अब भाजपा नई सरकार के गठन का दावा पेश करेगी। सरकार बनने के बाद नई विधानसभा का गठन होगा।

कार्यकाल

साढ़े 4 महीने का रहा आतिशी का कार्यकाल

अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद आतिशी ने 21 सितंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि, चुनाव में हार के कारण उनका कार्यकाल केवल साढ़े 4 महीने का ही रहा। वह दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने वाली तीसरी महिला बनी थीं। उनसे पहले पूर्व विदेश मंत्री और भाजपा नेता दिवंगत सुषमा स्वराज और उसके बाद कांग्रेस की दिग्गज नेता शीला दीक्षीत ने 15 साल तक मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली थी।

मुख्यमंत्री

कौन होगा दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री?

दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा आलाकमान मुख्यमंत्री के चेहरे पर विचार कर रहा है। इसके लिए जल्द ही विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। हालांकि, इस पद की दौड़ में पहला नाम प्रवेश वर्मा का है, क्योंकि उन्होंने ही नई दिल्ली की सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया है। इसी तरह भाजपा मनजिंदर सिंह सिरसा और प्रदेशाध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नाम पर भी विचार कर सकती है।

जीत

आतिशी ने रमेश बिधूड़ी को दी मात

आतिशी ने कालकाजी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था। इसमें उन्होंने भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी को करीबी मुकाबले में 3,521 वोटों से हराकर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। आतिशी को चुनाव में कुल 52,154 वोट मिले थे, जबकि बिधूड़ी 48,633 वोट ही हासिल करने में सफल रहे। मतगणना में आतिशी कई राउंड तक बिधूड़ी से पीछे थीं। तीसरे नंबर पर कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा रहीं, जिनको 4,392 वोट मिले। कांग्रेस चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाई।

परिणाम

चुनाव में AAP को मिली करारी हार

विधानसभा चुनाव में AAP को करारी हार झेलनी पड़ी है। पार्टी 43.57 फीसदी वोट के साथ केवल 22 सीट जीतने में सफल रही है। AAP ने साल 2022 में 62 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी। इधर, भाजपा ने इस बार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 48 सीटों पर कब्जा जमाया और 27 साल बार दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। चुनाव में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, सोमनाथ भारती जैसे AAP नेताओं को हार मिली है।