Page Loader
दिल्ली के मेयर और डिप्टी मेयर के लिए चुनाव आज, AAP और भाजपा के बीच मुकाबला
दिल्ली के मेयर और डिप्टी मेयर के लिए चुनाव आज

दिल्ली के मेयर और डिप्टी मेयर के लिए चुनाव आज, AAP और भाजपा के बीच मुकाबला

Jan 06, 2023
10:45 am

क्या है खबर?

दिल्ली का अगला मेयर आज चुना जाएगा। दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव के बाद आज निगम की पहली बैठक होगी, जिसमें मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होगा। आम आदमी पार्टी (AAP) ने मेयर पद के लिए शैली ओबरॉय को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा ने उन्हें टक्कर देने के लिए रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। चुनाव में AAP से मात खाने के बाद भी भाजपा ने मेयर चुनाव में अपनी जीत का दावा किया है।

चुनाव नतीजे

क्या रहे थे MCD चुनाव के नतीजे?

MCD चुनाव में AAP ने 250 में से कुल 134 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, भाजपा ने 104 और कांग्रेस ने नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी। वोट शेयर की बात करें तो AAP को चुनाव में 42 प्रतिशत से अधिक वोट मिले थे, जबकि 2017 में हुए पिछले चुनाव में उसे मात्र 25 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं, भाजपा का वोट शेयर पिछले चुनाव में 35.5 प्रतिशत से बढ़कर 39 प्रतिशत हो गया था।

उम्मीदवार

ये उम्मीदवार हैं मैदान में

अरविंद केजरीवाल की AAP ने मेयर पद के लिए शैली ओबरॉय, विकल्प के तौर पर आशु ठाकुर, डिप्टी मेयर पद के लिए आले मोहम्मद इकबाल और विकल्प के तौर पर जलज कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं भाजपा ने शालीमार बाग से पार्षद रेखा गुप्ता को मेयर पद के लिए और कमल बागड़ी को डिप्टी मेयर पद के लिए चुनावी मैदान में उतारा है। आज दोपहर तक दिल्ली को नए मेयर और डिप्टी मेयर मिल जाएंगे।

जानकारी

स्थायी समिति के लिए ये दावेदार

स्थायी समिति के लिए AAP के मोहम्मद आमिल मलिक, रमिंदर कौर, सारिका चौधरी और मोहिनी ने दावेदारी पेश की है। भाजपा की तरफ से कमलजीत सहरावत और पंकज लूथरा उम्मीदवार बने हैं। निर्दलीय पार्षद गजेंद्र सिंह दराल ने भी अपना नामांकन दायर किया है।

जानकारी

चुनाव से दूर रहेगी कांग्रेस

MCD चुनाव में महज नौ सीट जीतने वाली कांग्रेस ने कहा है कि वह चुनाव से दूर रहेगी। दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख अनिल चौधरी ने कहा कि आज होने वाले चुनाव में उनकी पार्टी के पार्षद हिस्सा नहीं लेंगे। दिल्ली के लोगों ने कांग्रेस को आम आदमी पार्टी और भाजपा के खिलाफ अपना वोट दिया है। इसलिए कांग्रेस इसका सम्मान करते हुए चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी। पार्टी ने नाजिया दानिश को सदन में अपना नेता बनाया है।

तनातनी

AAP और उपराज्यपाल के बीच फिर ठनी

मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव से पहले AAP और दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना के बीच ठन गई है। दरअसल, LG सक्सेना ने AAP की तरफ से नामित मुकेश गोयल की जगह भाजपा पार्षद सत्या शर्मा को चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है। मुकेश गोयल MCD के सबसे वरिष्ठ पार्षद है। इसे लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वो चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

जानकारी

AAP का भाजपा पर निशाना

पीठासीन अधिकारी की नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए AAP विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सदन के सबसे वरिष्ठ पार्षद को पीठासीन अधिकारी नियुक्त करने की परंपरा रही है, लेकिन भाजपा सारी लोकतांत्रिक परंपराएं और संस्थानों को नष्ट करने पर तुली हुई है।

जानकारी

तीनों नगर निगमों के एकीकरण के बाद हुआ था चुनाव

दिल्ली के तीनों नगर निगमों- दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (SDMC), उत्तरी दिल्ली नगर निगम (NDMC) और पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC), के एकीकरण के बाद दिसंबर में पहली बार MCD के चुनाव हुए थे। केंद्र सरकार ने कानून के जरिए इन तीनों नगर निगमों का एकीकरण कर दिया था और परिसीमन के बाद सीटों की संख्या 272 से घटकर 250 रह गई थीं। इस एकीकरण के कारण पहले अप्रैल में होने वाले इन चुनावों में देरी हुई थी।