Page Loader
यमुना विवाद: चुनाव आयोग से मिले अरविंद केजरीवाल, 6 पन्नों में दिया सवालों का जवाब 
यमुना विवाद पर केजरीवाल ने चुनाव आयोग के सवालों का जवाब दिया

यमुना विवाद: चुनाव आयोग से मिले अरविंद केजरीवाल, 6 पन्नों में दिया सवालों का जवाब 

लेखन आबिद खान
Jan 31, 2025
12:56 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में विधानसभा चुनावों से पहले यमुना नदी का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। यमुना नदी में जहर वाले बयान पर आज पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चुनाव आयोग पहुंचे और सवालों का जवाब दिया। 6 पन्नों के अपने जवाब में केजरीवाल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी निशाना साधा। केजरीवाल ने चिट्ठी में कहा कि उनकी एकमात्र चिंता दिल्ली के लोगों का स्वास्थ्य और सुरक्षा है और वे लोकतांत्रिक सिद्धांतों की रक्षा के लिए लड़ूते रहेंगे।

सवाल

आयोग के सवालों का केजरीवाल ने क्या जवाब दिया?

सवाल- हरियाणा ने नदी में किस प्रकार का जहर मिलाया? जवाब- पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ी हुई पाई गई। सवाल- जहर की मात्रा, प्रकृति और पहचानने के तरीके का क्या प्रमाण है, जिससे नरसंहार हो सकता था? जवाब- दिल्ली जल बोर्ड CEO के 27 जनवरी, 2025 के बयान इसकी पुष्टि करते हैं, जो जवाब के साथ संलग्न है। सवाल- इंजीनियरों ने जहरीले पानी को प्रवेश करने से रोकने के लिए कौन सा तरीका अपनाया? जवाब- तरीका एक ही है।

आरोप

केजरीवाल बोले- हरियाणा सरकार साजिश रच रही

केजरीवाल ने कहा, "हरियाणा सरकार दिल्ली की आधी आबादी को यमुना के 'जहरीले' पानी के कारण प्यासे रहने के लिए मजबूर करने की राजनीतिक साजिश कर रही है, ताकि चुनावों के दौरान उनकी पार्टी को बदनाम किया जा सके। आतिशी ने दिसंबर में ही नोटिस कर लिया था कि यमुना में अमोनिया का स्तर बढ़ना शुरू हो गया है। उन्होंने और पंजाब के मुख्यमंत्री ने स्थिति से निपटने के लिए कई प्रयास किए।"

मुख्यमंत्री

केजरीवाल ने कहा- हरियाणा के मुख्यमंत्री ने फोन उठाना बंद कर दिया 

केजरीवाल ने कहा, "दिसंबर के आखिरी हफ्ते में दिल्ली की मुख्यमंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अमोनिया का स्तर कम करने या अतिरिक्त पानी देने का अनुरोध किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कई बार फोन किया, लेकिन हरियाणा के मुख्यमंत्री ने फोन उठाना बंद कर दिया। अमोनिया का स्तर बढ़ता रहा। दिल्ली के मुख्य सचिव ने भी हरियाणा के मुख्य सचिव से कई बार बात की।'

विवाद

यमुना नदी को लेकर क्या है विवाद?

27 जनवरी को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने हरियाणा की तरफ से दिल्ली को उपलब्ध कराए जा रहे पानी की खराब गुणवत्ता का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था, "भाजपा अपनी गंदी राजनीति से दिल्ली की जनता को प्यासा छोड़ना चाह रही है। वे हरियाणा से भेजे जा रहे पानी में जहर मिला रहे हैं। यह प्रदूषित पानी इतना जहरीला है कि इसे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की मदद से उपचारित नहीं किया जा सकता है।"