मनमोहक नजारों से समृद्ध डलहौजी घूमने जा रहे हैं? जान लें ये जरूरी बातें
क्या है खबर?
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्थित डलहौजी गर्मियों में घूमने के लिए सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थल है।
इस हिल स्टेशन का नाम ब्रिटिश जनरल लॉर्ड डलहौजी के नाम पर रखा गया है और आपको यहां की इमारतों और चर्चों में विक्टोरियन और स्कॉटिश वास्तुकला भी देखने को मिलेगी। वहीं, यहां की प्रकृति दृश्य आपका मन मोह लेंगे।
अगर आप डलहौजी घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आइए आज हम आपको यात्रा से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण बातें बताते हैं।
राह
डलहौजी कैसे पहुंचे?
हवाई मार्ग: कांगड़ा-गग्गल हवाई अड्डा डलहौजी से 130 किलोमीटर की दूरी पर है, जहां से आप टैक्सी से पहुंच सकते हैं।
रेल मार्ग: डलहौजी के निकटतम रेलवे स्टेशन पठानकोट है, जो हिल स्टेशन से 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
सड़क मार्ग: डलहौजी दिल्ली से लगभग 570 किलोमीटर की दूरी पर है। अगर आप अपने निजी वाहन से यात्रा कर रहे हैं तो इस रास्ते जाएं- दिल्ली>करनाल>अंबाला>लुधियाना>जालंधर>पठानकोट>डलहौजी।
पर्यटन
डलहौजी में घूमने के लिए लोकप्रिय स्थान
डलहौजी में मौजूद पंचपुला एक मशहूर पर्यटन स्थल है, जो खासतौर से हरे-भरे देवदार के पेड़ों के लिए जाना जाता है। यहां आकर एडवेंचर एक्टिविटी का भी लुत्फ उठा सकते हैं।
वहीं, खाज्जिअर नामक पर्यटन स्थल के कारण ही डलहौजी को 'मिनी स्विट्जरलैंड' या 'भारत का स्विटज़रलैंड' के नाम से जाना जाता है।
आप यहां आकर कालाटोप वन्यजीव अभयारण्य, चमेरा झील, दैनकुंड चोटी और सुभाष बावली भी जरूर घूम सकते हैं।
समय
डलहौजी में घूमने का सबसे अच्छा समय
गर्मी का मौसम डलहौजी की यात्रा करने और विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों का आनंद लेने का सही समय है क्योंकि यहां का मौसम सुहावना रहता है।
यहां का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं जाता है।
आप इस दौरान डलहौजी में सैर करते हुए प्रकृति दृश्यों को निहार सकते हैं और शहर की फूलों की विविधता को देख सकते हैं।
हालांकि, कुछ हल्के जैकेट कैरी करना न भूलें क्योंकि यहां हवा में हल्की ठंडक हो सकती है।
भोजन और आवास
डलहौजी में भोजन और ठहरने के विकल्प
डलहौजी कुछ खूबसूरत रिसॉर्ट, होमस्टे, कॉटेज और होटल हैं, जहां आप एक आरामदायक प्रवास का आनंद ले सकते हैं। आपको यहां सरकार द्वारा संचालित कई गेस्ट हाउस भी मिल सकते हैं।
वहीं, जब आप डलहौजी में हों तो आपको यहां के स्थानीय भोजनालयों में हिमाचली व्यंजनों का जायका जरूर लेना चाहिए। हिमाचली व्यंजनों में आमतौर पर चपाती, दाल, सब्जी, दही और अचार शामिल होते हैं। आप यहां चीनी, कश्मीरी और तिब्बती सहित अन्य व्यंजन भी खा सकते हैं।