जापानी लोगों के ये सिद्धांत आलस दूर करने में करेंगे मदद, बनाएं जीवन का हिस्सा
क्या है खबर?
हम में से ज्यादातर लोग जीवन में बहुत कुछ हासिल तो करना चाहते हैं, लेकिन हमारा आलस सबसे बड़ी बाधा बन जाता है। आलसी लोग अपना ज्यादातर समय सोते या आराम करते हुए बिता देते हैं और अब सोशल मीडिया ने भी इस बुरी आदत को बढ़ावा दे दिया है। अगर आप आलस को दूर करना चाहते हैं तो जापानी लोगों से सीख लें। उनके ये 5 सिद्धांत आपको ज्यादा ऊर्जावान और उत्पादक बनाने में मदद करेंगे।
#1
काइजेन
काइजेन एक जापानी शब्द है, जिसका मतलब 'बेहतर बनने के लिए बदलाव करना' या 'निरंतर सुधार' होता है। यह एक ऐसा सिद्धांत है जो प्रक्रियाओं, प्रणालियों और काम-काज में निरंतर सुधार करने पर जोर देता है। इसका मतलब है हर दिन छोटे-छोटे सुधारों पर ध्यान देना और उन्हें ही अपना लक्ष्य बनाना। इसमें लोग रोजाना अपने आपको एक प्रतिशत बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं, जिसके प्रयासों के दौरान आलस से छुटकारा मिलने लगता है।
#2
शोशिन
शोशिन बुद्ध धर्म से अपनाया गया सिद्धांत है, जो कुछ नया शुरू करने वालों जैसी मानसिकता रखने पर जोर देता है। इसमें चीजों को जिज्ञासा, खुलेपन, उत्सुकता और अहंकार के बिना देखना शामिल होता है। इसके मुताबिक, जब हम यह भूल जाते हैं कि हमें क्या आता है तो हम और सीख पाते हैं। कुछ नया करने वाले व्यक्ति के मन में कई संभावनाएं होती हैं, जो बहुत कुछ सिखाती हैं। इससे आपकी रचनात्मकता और गहरी समझ विकसित हो जाएगी।
#3
हारा हाचि बू
हारा हची बू खान-पान का एक जापानी सिद्धांत है, जिसका पालन पिछले 300 सालों से किया जा रहा है। इसका मतलब होता है केवल उतना ही भोजन करना, जिससे आपका पेट 80 प्रतिशत तक भर जाए। यह सोच-समझकर खाना खाने का तरीका होता है, जो संयम और आत्म-जागरूकता को प्रोत्साहित करता है। इसका पालन करने से आप ज्यादा खाने से बच जाएंगे और दिनभर आलस भी महसूस नहीं करेंगे। इससे आपकी उत्पादकता और ऊर्जा में वृद्धि आएगी।
#4
वाबी-साबी
आम तौर पर लोग परफेक्शन के पीछे भागते हैं, जो उन्हें काम शुरू ही नहीं करने देता है। हालांकि, आप जापान की वाबी-साबी परंपरा को अपनाकर आलस को दूर भगा सकते हैं। यह एक पुरानी परंपरा है, जो इम्पर्फेक्शन्स में भी खूबसूरती ढूंढ लेती है। इसके जरिए आपको अवास्तविक इच्छाओं को पीछे छोड़ने और वर्तमान में संतुष्टि महसूस करने में मदद मिल सकती है। जब आप अपनी खामियों में भी खूबियां तलाशने लगेंगे तो आप खुद अधिक प्रेरित महसूस करेंगे।
#5
गनबारू
गनबारू एक जापानी शब्द है, जिसका मतलब 'लगातार बने रहना', 'लगातार प्रयास करते रहना' या 'अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना' होता है। यह सिद्धांत कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और कठिन समय में आगे बढ़ने पर जोर देता है। इसके जरिए अक्सर लोगों को आगे बढ़ते रहने के लिए या चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। जब लोग प्रेरित महसूस करते हैं तो वह ज्यादा मेहतन करते हैं और आलस छोड़ देते हैं।