डाइट में जरूरत से ज्यादा आलू बन सकता है कई बीमारियों का कारण, जानिए कैसे

कई लोग आलू से बने व्यंजनों का जायका लेना बहुत पसंद करते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि जरूरत से ज्यादा चीजों का सेवन स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसा ही कुछ आलू या फिर आलू से बने व्यंजनों का सेवन करने के कारण भी हो सकता है। जी हां, आलू के अधिक सेवन से शरीर कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से घिर सकता है। आइए जानते हैं कि आलू के अधिक सेवन से कौन-कौन सी समस्याएं हो सकती हैं।
आलू का अधिक सेवन बढ़ते वजन का कारण बन सकता है और इसकी मुख्य वजह इसमें मौजूद कैलोरी है। इस समस्या को सामान्य न समझें क्योंकि यह शरीर को कई अन्य बीमारियों का घर बना सकती है। इसलिए रोजाना सीमित मात्रा में ही आलू का सेवन करें। वैसे कभी-कभी कुछ शारीरिक समस्याओं के कारण भी लोगों का वजन बढ़ने लगता है, इसलिए बढ़ते वजन की समस्या की असल वजह जानने के लिए डॉक्टर से संपर्क करें।
आलू का अधिक सेवन शरीर में ब्लड शुगर (मधुमेह) का स्तर बढ़ा सकता है और इससे व्यक्ति के इंसुलिन में भी बदलाव होने लगता है। यह बदलाव मधुमेह का खतरा उत्पन्न कर सकता है। बता दें कि मधुमेह एक गंभीर समस्या है, जो व्यक्ति को मौत के मुंह में भी धकेल सकती है, इसलिए जिन लोगों को पहले से ही मधुमेह है तो वे कम ही मात्रा में आलू से बनी चीजों का सेवन करें।
अगर आपको हाई ब्लड प्रेशर यानी उच्च रक्तचाप की समस्या रहती है तो ऐसे में आपको भूल से भी आलू से बने व्यंजनों का अधिक सेवन नहीं करना चाहिए। इसका मुख्य कारण है कि आलू में मौजूद स्टार्च ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकता है, इसलिए अगर आपको पहले से ही हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है तो आलू से बने व्यंजनों का अधिक सेवन आपके लिए खतरनाक साबित हो सकता है और आपको कई गंभीर परेशानियां हो सकती हैं।
अगर जरूरत से ज्यादा आलू से बनी चीजों का सेवन किया जाए तो इसके कारण बहुत असहज महसूस होने लगता है। इसकी अधिकता के कारण पेट फूलने और अपच जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं। इसके साथ ही आलू के अधिक सेवन से पेट दर्द की समस्या भी हो सकती है। इसलिए अगर आपको लगातार इन समस्याओं से जूझना पड़ रहा है तो कुछ दिन के लिए आलू से बने व्यंजनों का सेवन न करें।