Page Loader
स्वास्थ्यवर्धक खाना बनाने के लिए करें इन तेलों का इस्तेमाल, बना लें रसोई का हिस्सा

स्वास्थ्यवर्धक खाना बनाने के लिए करें इन तेलों का इस्तेमाल, बना लें रसोई का हिस्सा

लेखन अंजली
Jul 21, 2020
04:58 pm

क्या है खबर?

अगर खाना बनाने के लिए सही तेल का इस्तेमाल किया जाए तो उससे न सिर्फ भोजन का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है, बल्कि खाना स्वास्थ के लिए अधिक फायदेमंद भी साबित होता है। इतना ही नहीं खाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तेल को अगर बुद्धिमानी से चुना जाए तो आप अपने परिवार के सदस्यों को कई गंभीर बीमारियों से कोसों दूर भी रख सकते हैं। चलिए फिर आज कुछ हेल्दी ऑयल्स के बारे में जानते हैं।

#1

सरसों का तेल

हेल्दी ऑयल्स की सूची में सबसे पहले नाम आता है सरसों के तेल का जिसका इस्तेमाल पारंपरिक रूप से खाना बनाने के लिए कई सालों से किया जा रहा है। इसका मु्ख्य कारण है कि यह भोजन को सही तरह से पकाने में मदद करता है। साथ ही इसकी एंटी-बैक्टीरियल प्रॉपर्टीज त्वचा को भी सुरक्षा प्रदान करती हैं। सरसों का तेल कीटाणुओं और संक्रमण से भी लड़ता है, जिससे कई बीमारियों के खतरे से दूरी बनी रहती है।

#2

सूरजमुखी का तेल

यह तेल विटामिन-ई का अच्छा स्रोत होने के साथ-साथ ऐसे कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है जो शरीर के लिए आवश्यक होते हैं। इसके अतिरिक्त सूरजमुखी के तेल में मौजूद पॉलीअनसेचुरेटेड फैट हृदय रोगों के जोखिम को भी कम करता है। साथ ही यह शरीर के फ्री रेडिकल्स से लड़ता है जिसके कारण कैंसर रोगियों के लिए इसका सेवन काफी अच्छा माना गया है। यह नर्वस सिस्टम को सही तरह से कार्य करने के लिए बढ़ावा भी देता है।

#3

ऑलिव ऑयल

जब भी रसोई में हेल्दी ऑयल को रखने की बात होती है तो ऑलिव ऑयल का नाम जरूर लिया जाता है। इसका मुख्य कारण यह है कि इसमें एंटीऑक्सिडेंट्स की अच्छी मात्रा होती है जो जोड़ों में दर्द को कम करते हैं। इसके साथ ही यह पार्किंसंस और अल्जाइमर जैसी शारीरिक समस्याओं के खतरे को कम करता है। इस तेल में ऐसे गुण भी मौजूद होते हैं जो हृदय की बीमारियों से लड़ने में मदद करते हैं।

#4

अलसी का तेल

आप चाहें तो स्वास्थ्यवर्धक खाना बनाने के लिए हेल्दी ऑयल के रूप में अलसी के तेल का भी चयन कर सकते हैं। दरअसल, इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड की प्रचुर मात्रा पाई जाती है और ओमेगा-3 फैटी एसिड सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। यह क्रोन और कोलाइटिस जैसी गंभीर समस्याओं के इलाज और रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यह अन्य कई तरह से भी स्वास्थ्य के लिए लाभकारी साबित हो सकता है।