Page Loader
फ्रिज को जल्दी खराब कर सकती हैं ये गलतियां, इनसे बचें
फ्रिज को खराब कर सकती हैं ये गलतियां

फ्रिज को जल्दी खराब कर सकती हैं ये गलतियां, इनसे बचें

लेखन अंजली
Oct 15, 2021
01:17 pm

क्या है खबर?

फ्रिज एक ऐसा महत्वपूर्ण उपकरण है जो फल, सब्जियों, दूध और बचे हए खाने से लेकर कई चीजों को सही तापमान पर स्टोर करने के काम आता है। इसलिए कई लोग अपने फ्रिज की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ सालों बाद ही उनके फ्रिज में खराबी आनी शुरू हो जाती हैं। इसका मुख्य कारण उनकी कुछ गलतियां हो सकती हैं। आइए कुछ ऐसी ही गलतियों के बारे में जानते हैं।

#1

फ्रिज को जरूरत से ज्यादा भरना

अगर आप काफी ज्यादा चीजों को फ्रिज में स्टोर कर देते हैं तो आपकी यह गलती फ्रिज को जल्दी खराब कर सकती है। दरअसल, जब आप फ्रिज को उसकी कैपेसिटी से ज्यादा भरते हैं, तब इन चीजों को ठंडा करने के लिए कूलिंग बढ़ाने की जरूरत पड़ती है और इससे फ्रिज की कार्यक्षमता पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है जो इसे खराब कर सकता है। इसलिए बेहतर होगा कि आप अपने फ्रिज में उसकी कैपेसिटी के अनुसार ही चीजें रखें।

#2

फ्रिज को खोलकर रखना

कई लोग फ्रिज से सामान निकालने के लिए उसको काफी देर तक खोले रखते हैं, लेकिन उनकी इस गलती के कारण फ्रिज ज्‍यादा बिजली खाता है और इसके जल्द खराब होने की संभावना भी बढ़ जाती है। इसलिए इस गलती से बचें। इसके अलावा फ्रिज का दरवाजा ठीक है या नहीं, ये जांचने के लिए उसकी फ्लैशलाइट चेक करें। अगर फ्लैशलाइट दरवाजा बंद करते वक्‍त बंद होती है और खोलते वक्‍त जल जाती है तो आपका फ्रिज सही है।

#3

फ्रिज को ढंग से साफ न करना

कई लोग फ्रिज में कई ऐसी चीजे रखकर भूल जाते हैं जो जल्दी खराब हो जाती हैं। ऐसे में फ्रिज की ठीक से सफाई न करने की वजह से कई बार इसमें फंगस भी लगने लगती है जो फ्रिज के कई हिस्सों में फैलकर इसे खराब कर सकती है। इसलिए आपके लिए यह बात समझनी बहुत जरूरी है कि जिस तरह से घर की साफ-सफाई जरूरी है, ठीक उसी तरह से रोजाना फ्रिज की सफाई करना भी जरूरी है।

#4

फ्रिज में बहुत गर्म खाना स्टोर करना

अगर आप गर्म खाने को फ्रिज में रख देते हैं तो आपकी यह गलती फ्रिज के खराब होने का सबसे बड़ा कारण बन सकती है। दरअसल, फ्रिज ज्यादा गर्म खाने को ठंडा करने के लिए अपनी कूलिंग कैपेसिटी का अत्यधिक इस्तेमाल करता है। इससे फ्रिज पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है जो इसे खराब कर सकता है। इसलिए पहले गर्म खाने को कमरे के तापमान पर ठंडा करें और फिर उसे फ्रिज में स्टोर करें।