चॉकलेट मिल्क या प्रोटीन शेक, वर्कआउट के बाद किसका सेवन करना बेहतर है?
क्या है खबर?
यह तो सभी जानते हैं कि वर्कआउट के बाद आहार कितना महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह मांसपेशियों का विकास, शरीर की ताकत और ऊर्जा बनाएं रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सही तरीके से हाइड्रेट रहने के लिए वर्कआउट के बाद हेल्दी ड्रिंक का सेवन बहुत जरूरी है। ऐसे में चॉकलेट मिल्क और प्रोटीन शेक सबसे लोकप्रिय पेय हैं।
इसलिए आज हम आपको यह तय करने में मदद करेंगे कि इन दोनों में से कौन सा पेय बेहतर है।
आइए जानें।
जरूरत
वर्कआउट के बाद प्रोटीन है जरूरी
वर्कआउट के बाद प्रोटीन का सेवन बहुत ही ज्यादा फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि प्रोटीन में मौजूद एमीनो एसिड मांसपेशियों का विकास करने में मददगार है।
दौड़ने से लेकर वेटलिफ्टिंग तक सभी एक्सरसाइज मांसपेशियों में छोटी माइक्रोटियर को बनाने का काम करती हैं।
दरअसल, वर्कआउट के बाद शरीर खून और पोषक तत्वों को प्रभावित जगह को उबारने के लिए संदेश भेजता है, जिससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं।
इसलिए वर्कआउट के बाद शरीर को जरूरी पोषक तत्व पहुंचाना बहुत जरूरी है।
चॉकलेट मिल्क
इस तरह से सेहत के लिए लाभकारी है चॉकलेट मिल्क
कार्बोहाइड्रेट और उच्च-गुणवत्ता वाले प्रोटीन का एक शानदार संयोजन है चॉकलेट मिल्क। वर्कआउट के बाद चॉकलेट मिल्क का सेवन करने से कई तरह के स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो सकते हैं।
कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन एक साथ मांसपेशियों को ठीक करने वाले एजेंट के रूप में कार्य करते हैं जो वर्कआउट के बाद मांसपेशियों को ऊर्जा देने में मदद करते हैं।
इस पेय में मौजूद प्रोटीन कमजोर मांसपेशियों को मजबूत बनाने में सहायता प्रदान करता है।
जानकारी
सेहत के लिए नुकसानदेह भी हो सकता है चॉकलेट मिल्क
चॉकलेट मिल्क सेहत के लिए थोड़ा नुकसानदेह भी हो सकता है, क्योंकि इसमें कार्बोंहाइड्रेट के साथ शर्करा भी शामिल होती है। इसी वजह से चॉकलेट मिल्क से मोटापा और अन्य छोटी-छोटी समस्याएं हो सकती हैं।
प्रोटीन शेक
सेहत के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है प्रोटीन शेक का सेवन
प्रोटीन शेक एक पोषण पूरक पेय है, जिसका सेवन कई लोग वर्कआउट के बाद करते हैं।
यह शरीर को सही मात्रा में प्रोटीन प्रदान करता है जो मांसपेशियों के निर्माण के साथ-साथ उनके विकास और शरीर में एंजाइम और हार्मोन के निर्माण के लिए आवश्यक है।
इसके अलावा, अगर नियमित रूप से वर्कआउट के बाद प्रोटीन शेक का सेवन किया जाए तो यह वास्तव में वजन कम करने में भी सहायता कर सकता है।
दुष्प्रभाव
प्रोटीन शेक के नकारात्मक प्रभाव
वर्कआउट के बाद नियमित रूप से प्रोटीन शेक का सेवन करने का नुकसान यही है कि इसकी लत लग जाती है, जिससे शरीर नकारात्मक प्रतिक्रिया देना शुरू कर देता है।
प्रोटीन पाउडर के अत्याधिक सेवन से कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं जैसे अकड़न, थकान, सिरदर्द और सूजन आदि होने लगती हैं।
इसके अलावा, प्रोटीन के अत्यधिक सेवन से निर्जलीकरण भी हो सकता है। दरअसल, कई प्रोटीन शेक में अतिरिक्त तेल और शक्कर मौजूद होती है जो स्पष्ट रूप से अस्वास्थ्यकर हैं।
निष्कर्ष
क्या है सही, चॉकलेट मिल्क या प्रोटीन शेक?
इस सवाल का जवाब कहीं न कहीं आपकी प्राथमिकता पर निर्भर करता है, क्योंकि अगर आप शाकाहारी हैं या फिर लैक्टोज को बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं तो प्रोटीन शेक आपके लिए सबसे अच्छा विकल्प है।
इसके अलावा, अगर आप ज्यादा शुगर वाले पेय का सेवन नहीं करना चाहते हैं तो आप चॉकलेट मिल्क से दूरी बना सकते हैं।
वहीं, अगर आप वजन बढ़ाने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं तो चॉकलेट मिल्क का चयन आपके लिए बेहतर है।