Page Loader
अब छोटी-छोटी चीजों को कहीं भी रखकर नहीं भूलेंगे आप, बस अपनाएं ये स्मार्ट ट्रिक्स

अब छोटी-छोटी चीजों को कहीं भी रखकर नहीं भूलेंगे आप, बस अपनाएं ये स्मार्ट ट्रिक्स

लेखन अंजली
May 22, 2020
09:45 pm

क्या है खबर?

अक्सर कई लोग अपनी जरूरत की छोटी-छोटी चीजें जैसे चाबियां, घड़ी, पर्स या मोबाइल आदि कहीं पर भी रखकर भूल जाते हैं और बाद में परेशान होते रहते हैं। इस वजह से तो कई बार उनका काफी समय इन चीजों को ढूंढने में खराब हो जाता है और उन्हें अपने अन्य कामों के लिए देर हो जाती है। लेकिन अब से ऐसा न हो इसके लिए कुछ आसान टिप्स अपनाई जा सकती हैं। आइए जानें।

#1

चीजों के लिए निर्धारित करें एक सुरक्षित जगह

सबसे पहले आप यह सोचें कि आपकी ऐसी कौन सी चीजें हैं जो सबसे ज्यादा खोती हैं या फिर आप अक्सर किस चीज को घर में ढूंढते रहते हैं। ऐसे में आपके पास उन चीजों की लिस्ट होगी जिन्हें आपको वास्तव में व्यवस्थित करने की जरूरत है। इसके बाद आप उन सभी चीजों के लिए एक जगह सुनिश्चित करें। मसलन, आप चाबियों के लिए घर में एक की-होल्डर बना सकते हैं ताकि जरूरत पड़ने पर वो आपको जल्द मिल जाएं।

#2

चीजों को तय जगह पर रखने की आदत बनाएं

अगर आप चाहते हैं कि आपको छोटी-छोटी चीजें ढूंढने में कोई परेशानी न हो तो इसका सबसे अच्छा तरीका है कि आप हर छोटी से छोटी चीज के लिए एक जगह बना लें। इसी के साथ ही हर चीज को उसके लिए तैयार की गई जगह पर ही रखने की आदत बनाएं। जब आप ऐसा करना शुरू कर देंगे तो आपको चीजें ढूंढने में अपना समय और मेहनत बर्बाद नहीं करनी पड़ेगी।

#3

चीजें न मिलने पर पैनिक न हो

अक्सर जब जरूरत की कोई चीज नहीं मिलती तो कई लोग पैनिक हो जाते हैं और उसे ढूंढने के चक्कर में सारा सामान इधर-उधर फेंकने लग जाते हैं। ऐसे में भले ही आपकी खोई हुई चीज आपको मिल जाए लेकिन आपका बाकी सारा सामान उथल-पुथल हो जाता है और फिर आपको उसे समेटने में परेशानी होती है। इसलिए पैनिक होने की बजाय शांत होकर उस चीज को संभावित जगहों पर ढूंढ़ने की कोशिश करें।

#4

अपनी जरूरी चीजों का हमेशा रखें बैकअप

आमतौर पर ऐसा होता है कि जब आपको कहीं जाने की जल्दी होती है तभी आपको अपनी जरूरी चीजें जैसे चाबी या पर्स आदि नहीं मिलते। इसलिए पहले से ही बैकअप रखना अच्छा विकल्प हो सकता है। अपनी कार की चाबी या अन्य जरूरी चीजों की एक कॉपी एक अलग डिब्बे या बैग में हमेशा सुरक्षित रखें। ऐसे में जब आपको अपना सामान नहीं मिलेगा तब भी आप बिना परेशानी के अपना काम कर पाएंगे।

#5

अपनी हर चीज को व्यवस्थित करके रखें

चीजों के खोने या उनके समय पर न मिलने का एक मुख्य कारण अव्यवस्था है। उदाहरण के लिए, अगर आपके डेस्क पर ढेर सारे कागज मौजूद हैं तो यकीनन आपके लिए अपने जरूरी दस्तावेजों को ढूंढ़ पाना काफी मुश्किल होगा। इसलिए खुद को और अपनी चीजों को व्यवस्थित करना सीखें। छुट्ठी के दिन घर को व्यवस्थित करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इससे आपको अपनी कई सारी खोई हुई चीजें ऐसे ही मिल जाएंगी।