LOADING...
दिवाली पर इस तरह से करें अपने घर की सजावट, कोना-कोना हो जाएगा रोशन

दिवाली पर इस तरह से करें अपने घर की सजावट, कोना-कोना हो जाएगा रोशन

लेखन सयाली
Oct 18, 2024
08:14 pm

क्या है खबर?

दिवाली को रोशनी का त्योहार कहा जाता है, जो हिंदू धर्म का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान श्री राम माता सीता और लक्ष्मण जी के साथ रावण का वध करके अयोध्या लौटे थे। इस खुशी में अयोध्या वासियों ने पूरे शहर को दीपकों से सजाया था और अपने प्रभु का स्वागत किया था। आप भी इस त्योहार के दिन अपने घर के कोने-कोने को रोशन करने के लिए इस तरह से घर की सजावट करें।

#1

घर में बनाएं रंग-बिरंगी रंगोली

दिवाली के दिन सभी घरों में रंगोली बनाने की परंपरा होती है। ये अलग-अलग रंगों से बनाई गई सुंदर कलाकृतियां होती हैं, जो नकारात्मकता को दूर भगाकर सकारात्मकता लाती हैं। घर में रंगोली बनाने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और धन और वैभव की प्राप्ति होती है। आप घर को सजाने के लिए फूल, लक्ष्मी मां के चरणों और मोर आदि जैसे अलग-अलग आकारों वाली रंग-बिरंगी रंगोलियां बना सकते हैं।

#2

फूलों और दफ्ती से बनाएं सजावट वाली लड़ियां

दिवाली के दौरान बाजार में कई तरह की खूबसूरत लड़ियां मिलती हैं, जिन्हें आप खरीदकर घर की दीवारों पर लटका सकते हैं। इनमें सबसे ज्यादा प्रचिलित होती हैं फूलों और दीपक आदि वाली लड़ियां। अगर आप बाजार से इन्हें खरीदना नहीं चाहते तो असली फूल खरीदें और धागे की मदद से इन्हें घर पर ही बना लें। आप दफ्ती को काटकर कमल, दियों और अन्य आकारों वाली कलाकृतियां बनाकर इन लड़ियों पर चिपका सकते हैं।

#3

घर में लगाएं LED लाइट

दिवाली की सजावट बिना LED लाइट के अधूरी लगती है। ये लाइट घर को रोशनी से भर देती हैं और खूबसूरती में चार-चांद लगा देती हैं। आप अपने घर के बाहर और अंदर, दोनों जगह ये लाइट लगाएं। आप इन्हें दीवारों के अलावा पौधों, रेलिंग और टेबल आदि पर भी लगा सकते हैं। इस साल सबसे शानदार और मजेदार दिवाली पार्टी आयोजित करने के लिए ये टिप्स अपनाएं।

#4

दियों से सजाएं अपना घर

दिवाली के दिन दियों का विशेष महत्त्व होता है, क्योंकि इनका उपयोग पूजा के दौरान भी किया जाता है। इस दिन आप घर को सजाने के लिए मिट्टी से बने दियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। दिवाली पर अंधेरे पर प्रकाश की विजय, बुराई पर अच्छाई की जीत और जीवन का जश्न मनाने के लिए दिये जलाए जाते हैं। आप दियों को अलग-अलग रंगों में रंग सकते हैं और धातु के दिये भी जला सकते हैं।

जानकारी

पारंपरिक प्रिंट वाले तकिया के कवर करें इस्तेमाल  

दिवाली के दिन आपको सोफे और तकिया के कवर भी बदल लेने चाहिए। आप पारंपरिक प्रिंट वाले खूबसूरत तकिया के कवर चढ़ाएं और सोफे पर भी कवर चढ़ा दें।