
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ ये भारतीय बल्लेबाज शीर्ष स्थान पर पहुंचे
क्या है खबर?
टी-20 क्रिकेट की रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज बनना किसी भी खिलाड़ी के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। इस मुकाम तक पहुंचना न सिर्फ निरंतरता और प्रदर्शन का प्रतीक है, बल्कि यह दर्शाता है कि खिलाड़ी ने हर परिस्थिति में खुद को साबित किया है। भारत के लिए इस पायदान पर बहुत कम ही बल्लेबाज पहुंच पाए हैं। ऐसे में आइए ICC रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंचने वाले भारतीय खिलाड़ियों पर एक नजर डालते हैं।
#1
विराट कोहली
पहले स्थान पर टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैं। वह साल 2014 में पहली बार क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में नंबर-1 बल्लेबाज बने थे। उनके करियर की सबसे शानदार रैंकिंग 909 अंक थी। कोहली ने भारत के लिए 125 मुकाबले खेले थे। इसकी 117 पारियों में 48.69 की औसत और 137.04 की स्ट्राइक रेट से 4,188 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 1 शतक और 38 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 122* रन था।
#2
सूर्यकुमार यादव
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं जो ICC रैंकिंग में नंबर-1 स्थान तक पहुंचे। वह पहली बार साल 2022 में शीर्ष स्थान पर पहुंचे थे। उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग 912 रही है, जो बेहद प्रभावशाली मानी जाती है। साल 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने ये हासिल किया था। सूर्यकुमार ने 83 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 79 पारियों में 38.20 की औसत से 2,598 रन बनाए हैं।
#3
अभिषेक शर्मा
अब अभिषेक शर्मा शीर्ष पायदान वाले बल्लेबाज बने गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को पीछे छोड़ा और शीर्ष स्थान पर पहुंचे। हेड 814 अंक के साथ दूसरे पायदान पर हैं। अभिषेक के 829 अंक हैं। अभिषेक ने भारत के लिए 17 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और इसकी 16 पारियों में 33.43 की औसत से 535 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 132 रन है।