LOADING...
कार में क्या लगाया जाता है व्हील बैलेंस वेट? फायदे जानकर चौंक जाएंगे 
व्हील बैलेंसिंग के लिए बैलेंस वेट लगाना जरूरी होता है (तस्वीर: अनस्प्लैश)

कार में क्या लगाया जाता है व्हील बैलेंस वेट? फायदे जानकर चौंक जाएंगे 

Jul 30, 2025
09:09 pm

क्या है खबर?

आपने गाड़ी के पहिये और रिम के बीच लगा एक धातु का टुकड़ा देखा होगा। ज्यादातर इसके फायदे के बारे में नहीं जानते और इसे नजरअंदाज कर देते हैं। हकीकत में यह छोटा-सा टुकड़ा कार की रफ्तार और संतुलन दोनों के लिए बेहद जरूरी होता है। इसे व्हील बैलेंस वेट कहते हैं। इसके नहीं होने पर आपकी गाड़ी में कई तरह की परेशानी आ सकती है। आइये जानते हैं व्हील बैलेंस वेट क्यों लगाया जाता है।

जरूरत 

क्यों जरूरी होता है बैलेंस वेट?

हर पहिये और टायर असेंबली में चाहे उसका निर्माण कितना भी सटीक क्यों न हो, वजन में थोड़ी-बहुत असमानता जरूर होती है। जब पहिया घूमता है तो वजन का मामूली असंतुलन भी असमान बल वितरण का कारण बन सकता है। कम गति पर इसका प्रभाव नजर नहीं आता, लेकिन जैसे-जैसे आप गति बढ़ाते हैं, यह असंतुलन कंपन पैदा कर सकता है। इससे स्टीयरिंग में कंपन, टायर का जल्दी घिसना और माइलेज भी प्रभावित होता है।

बैलेंस वेट 

क्या होता है बैलेंस वेट?

इस तरह की परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए ही व्हील बैलेंस वेट रिम के किनारे या अंदरूनी हिस्से में चिपकाया या क्लिप से लगाया जाता है, जो पहियों को बैलेंस रखता है। स्टील या लैड के बने वेट को स्टील रिम्स के लिए पहिये के बाहरी किनारे पर लगाया जाता है। अलॉय व्हील्स में ज़िक या प्लास्टिक कोटेड स्टील का वेट रिम के अंदरूनी हिस्से में चिपकाया जाता है। मिश्रित या स्टील वेट परफॉर्मेंस कारों में उपयोग होता है।

फायदा 

एक नहीं कई फायदे देता है बैलेंस वेट 

व्हील बैलेंस वेट लगाने से पहिये संतुलित होते हैं, जिससे कार चलाते समय कंपन नहीं होता और यात्रा आरामदायक होती है। यह टायरों के अनियमित घिसाव को रोककर उनकी उम्र बढ़ाता है। इसके साथ ही पहियों का घर्षण प्रतिरोध नहीं होने से ईंधन की खपत कम होती है। यह गाड़ी को स्थिरता प्रदान करता है, जिससे हैडलिंग आसान हो जाती है। बैलेंस पहिये सस्पेंशन को कम नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे मरम्मत का खर्चा बचता है।