Page Loader
मार्च में करें भारत के इन खूबसूरत स्थानों की यात्रा, यादगार रहेगा आपका अनुभव
मार्च में करें भारत के इन शहरों की यात्रा

मार्च में करें भारत के इन खूबसूरत स्थानों की यात्रा, यादगार रहेगा आपका अनुभव

लेखन सयाली
Feb 15, 2025
12:33 am

क्या है खबर?

मार्च का महीना यात्रा के लिए बेहतरीन समय होता है। इस समय मौसम न तो बहुत ठंडा होता है और न ही बहुत गर्म, जो घूमने के लिए आदर्श रहता है। इस महीने में कई जगहों पर त्योहार भी मनाए जाते हैं, जो आपकी यात्रा को खास बना सकते हैं। चाहे आप पहाड़ों की सैर करना चाहते हों या समुद्र तट पर आराम करना चाहते हों, मार्च में भारत के इन शहरों की यात्रा करना एक यादगार अनुभव होगा।

#1

जैसलमेर

जैसलमेर राजस्थान का रेगिस्तानी इलाका है, जिसे स्वर्ण नगरी भी कहा जाता है,। यहां आप ऊंट सफारी का आनंद ले सकते हैं और थार रेगिस्तान की खूबसूरती देख सकते हैं। जैसलमेर किले की भव्यता और पटवों की हवेली जैसी ऐतिहासिक इमारतें भी देखने लायक हैं। मरु महोत्सव में भाग लेकर आप राजस्थानी संस्कृति का अनुभव कर सकते हैं। जैसलमेर की गलियों में घूमते हुए स्थानीय बाजार से हस्तशिल्प खरीदना भी एक अनोखा अनुभव हो सकता है।

#2

गोवा

आप मार्च में छुट्टी बिताने के लिए गोवा का रुख कर सकते हैं, जो अपने सुंदर समुद्र तटों के लिए जाना जाता है। बागा बीच और कैंडोलिम बीच जैसे समुद्र तटों पर धूप सकें या पानी वाली गतिविधियों का मजा लें। गोवा अपनी नाइटलाइफ के लिए भी मशहूर है। हालांकि, अगर आप शांति पसंद करते हैं तो दक्षिण गोवा के शांतिपूर्ण समुद्र तट आपके लिए सही रहेंगे। इसके अलावा, शिग्मोत्सव जैसे त्योहार आपको स्थानीय संस्कृति से रूबरू कराएंगे।

#3

ऋषिकेश

ऋषिकेश को योग नगरी कहा जाता है और मार्च में यहां अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव आयोजित होता है। यह जगह गंगा नदी किनारे स्थित होने के कारण प्राकृतिक सुंदरता से लैस है, जो ध्यान व योग अभ्यास करने वालों को आकर्षित करती है। यहां मौजूद लक्ष्मण झूला व राम झूला जैसे पुल देखने योग्य हैं, जिनसे गंगा नदी का अद्भुत दृश्य दिखाई देता है। ऋषिकेश रिवर राफ्टिंग व ट्रेकिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए भी मशहूर जगह मानी जाती है।

#4

मनाली

मनाली एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जो हिमाचल प्रदेश की गोद में बसा हुआ है। यहां पर मार्च महीने तक बर्फबारी होती रहती है, जिससे यह स्कीइंग व स्नोबोर्डिंग जैसी गतिविधियों के लिए आदर्श स्थान बनता है। रोहतांग पास और सोलांग वैली जैसे स्‍थान पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। इसके अलावा , हडिम्बा देवी मंदिर और मणिकरण साहिब गुरुद्वारा जैसे धार्मिक स्‍थलों पर जाकर आप आध्यात्मिक शांति प्राप्त कर सकते ह‍ैं।

#5

चेरापूंजी 

चेरापूंजी एक खूबसूरत स्थान है, जो मेघालय में स्थित है। इसकी खास बात यह है कि यहां सालभर बारिश होती है। यहां का नोखालिकाई फॉल्स देश के सबसे ऊंचे झरनों में गिना जाता है। इसके अलावा, मावसिनराम गांव, जो दुनिया का सबसे अधिक वर्षा वाला क्षेत्र है, प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग समान है। चेरापूंजी आने वाले पर्यटकों को जीवंत पुल देखना नहीं भूलना चाहिए, क्योंकि ये पेड़ों द्वारा बनाए गए प्राकृतिक पुल होते हैं।