Page Loader
पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी, अब मैदानों में होगी बारिश 
कश्मीर सहित अन्य पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी है (तस्वीर: एक्स@KashmirForecast)

पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी, अब मैदानों में होगी बारिश 

Jan 07, 2025
09:45 am

क्या है खबर?

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिल्ली से लेकर राजस्थान तक शीतलहर और कोहरे का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के चलते आने वाले दिनों में बारिश के कारण तापमान में और गिरावट होने की चेतावनी दी है। इसके चलते कई जगह सरकार ने स्कूल की छुट्टियां बढ़ा दी है। दूसरी तरफ पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी रहने से यहां हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है।

बर्फबारी 

कश्मीर में फिर हुई भारी बर्फबारी 

जम्मू-कश्मीर में 21 दिसंबर से शुरू हुए 40 दिवसीय चिल्लईकलां में सोमवार को दूसरी भारी बर्फबारी देखने को मिली है। वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत की ऊपरी चोटियों पर 2 से 3-इंच बर्फबारी हुई है। इसी तरह श्रीनगर में हर तरफ बर्फ की 3-इंच से अधिक मोटी सफेद चादर बिछी दिखी। सभी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है। खराब मौसम के चलते हवाई सेवा प्रभावित हुई। कश्मीर में आज मौसम साफ रहने की संभावना है।

दिल्ली 

राजधानी में बारिश से बढ़ी ठंड

दिल्ली के कई इलाकों में हुई बारिश से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों यहां बारिश की चेतावनी जारी की है। आज मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा और अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। 8 और 9 जनवरी को तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है, जबकि 10 जनवरी को यह 5 डिग्री तक पहुंच सकता है। 11 और 12 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है।

अन्य राज्य 

इन राज्यों में और बढ़ेगी सर्दी 

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 10 जनवरी तक कोहरे और ठंड के बने रहने की संभावना जताई है। दूसरी तरफ राजस्थान में कोहरे के साथ शीतलहर का कहर जारी है। यहां 10 से 12 जनवरी के बीच बारिश होने की संभावना है। इस कारण यहां स्कूलों की छुटि्टयां बढ़ा दी गई है। बिहार के अधिकांश हिस्सों में तेज पछुआ हवाओं से आज और कल ठंड में इजाफा होगा।

ट्विटर पोस्ट

जम्मू-कश्मीर में भीषण बर्फबारी का नजारा