
रकुल प्रीत और जैकी भगनानी ने सिख रीति-रिवाजों से की शादी, अब पहली झलक का इंतजार
क्या है खबर?
बॉलीवु़ड के एक और जोड़े की प्रेम कहानी आज यानी 21 फरवरी को अपने मुकाम तक पहुंच गई है। हम बात कर रहे हैं अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह और निर्माता जैकी भगनानी की।
पिछले काफी समय से अपनी शादी को लेकर चर्चा में बनी हुई यह जोड़ी अब सात जन्मों के लिए एक हो गई है।
जैकी आखिरकार 'दिलवाले' बनकर अपनी दुल्हनिया रकुल को ले ही आए। दोनों की शादी गोवा में हुई।
शादी
करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में की शादी
रकुल और जैकी गोवा स्थित ITC ग्रैंड होटल में अपने परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में आनंद कारज रीति-रिवाज से परिणय सूत्र में बंधे।
दोनों ने पहले सिख रीति-रिवाजों से शादी रचाई है। दरअसल, अभिनेत्री का ताल्लुक सिख धर्म से है और जैकी सिंधी हैं। अब शाम को दोनों सिंधी रीति-रिवाजो से भी शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।
प्रशंसक काफी समय से रकुल और जैकी की शादी का इंतजार कर रहे थे।
ट्विटर पोस्ट
रकुल-जैकी शादी के बंधन में बंधे
Rakul Preet Singh, Jackky Bhagnani tie the knot in intimate Sikh wedding ceremony
— ANI Digital (@ani_digital) February 21, 2024
Read @ANI Story | https://t.co/Mpx50VGJtN#RakulPreetSingh #JackkyBhagnani #Goa #Wedding pic.twitter.com/Uc3E7tXbDX
पार्टी
शादी के बाद पार्टी देंगे रकुल-जैकी
रकुल और जैकी की खुशियों में शरीक होने आयुष्मान खुराना, ताहिरा कश्यप, शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा, अर्जुन कपूर, अपनी पत्नी के साथ वरुण धवन और डेविड धवन जैसे कलाकार पहुंचे हैं।
शिल्पा और उनके पति राज ने रकुल और जैकी के संगीत समारोह में एक खास प्रस्तुति भी दी थी।
शादी के बाद रकुल-जैकी शाम को मेहमानों के लिए एक पार्टी का भी आयोजन करेंगे, जिसमें बॉलीवुड की कई दिग्गज हस्तियां भी शामिल होंगी।
सरप्राइज
जैकी ने दिया रकुल को सरप्राइज
जैकी ने अपनी पत्नी रकुल के लिए इस दिन और भी खास बनाने की तैयारी की है। उन्होंने रकुल को एक गाने के साथ सरप्राइज दिया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस गाने में दोनों की लव स्टोरी की झलक देखने को मिली। यह गाना खुद जैकी ने गाया है।
अभिनेत्री के लिए गाए गए इस गाने को 'बिन तेरे' नाम दिया गया है। इसका लेखन मयूर पुरी ने किया है।
प्रेम कहानी
फिल्मी है रकुल-जैकी की प्रेम कहानी
आपको जानकर हैरानी होगी कि रकुल और जैकी पड़ोसी थे, लेकिन उनकी मुलाकात एक दोस्त के जरिए हुई थी।
इस पहली मुलाकात के बाद रकुल और जैकी दोस्त बने और धीरे-धीरे उनकी यह दोस्ती प्यार में बदल गई।
बताया जाता है कि 3-4 महीने तक दोस्त बने रहने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था।
रकुल-जैकी ने अपना रिश्ता 2021 में सार्वजनिक किया था। इसके बाद वह अक्सर सोशल मीडिया पर प्यार बरसाते नजर आते थे।