दिल्ली में कहां से आता है पानी और गंभीर जलसंकट की क्या वजह है?
क्या है खबर?
देश की राजधानी दिल्ली इन दिनों गंभीर जल संकट से जूझ रही है। आलम यह है कि कई इलाकों में लोग पानी के लिए टैंकरों के पीछे लाइन लगाकर खड़े हुए हैं।
पानी की आपूर्ति को लेकर दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट चली गई है। उसने पड़ोसी राज्यों से अतिरिक्त जल आपूर्ति की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई सहमति नहीं बन पाई है।
आइए जानते हैं दिल्ली को पानी कहां से मिलता है।
राज्य
दिल्ली पड़ोसी राज्यों से लेता है जरूरत का 90 प्रतिशत पानी
दिल्ली अपनी पेयजल मांग के 90 प्रतिशत पानी के लिए पड़ोसी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश पर निर्भर है।
ज्यादातर पानी यमुना, रावी-व्यास और गंगा नदियों से आता है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली को उत्तर प्रदेश में ऊपरी गंगा नहर के जरिए गंगा से रोजाना 470 क्यूसेक पानी मिलता है। यमुना और रावी-ब्यास नदियों से शहर को 1,049 क्यूसेक पानी की आपूर्ति की जाती है।
नहर
दिल्ली को कहां-कहां से मिलता है पानी?
दिल्ली जल बोर्ड (DJB) भी यमुना से सीधे पानी लेता है। दिल्ली की जल आपूर्ति यमुना, ऊपरी गंगा नहर, भाखड़ा स्टोरेज और जमीनी पानी से होती है।
दिल्ली को अपनी कुल जरूरत का 41 प्रतिशत पानी यमुना, 27 प्रतिशत पानी ऊपरी गंगा नहर, 24 प्रतिशत पानी भाखड़ा स्टोरेज और 9 प्रतिशत ट्यूबवेल वगैरह से मिलता है।
दिल्ली को गर्मियों में लगभग 5 अरब लीटर प्रति दिन पानी की जरूरत होती है।
वजह
क्या है दिल्ली में जलसंकट की वजह?
दिल्ली में पानी की कमी की समस्या नई नहीं है। ABC न्यूज के अनुसार, जनसंख्या वृद्धि, सूखे और कुप्रबंधन के कारण शहर में पानी की समस्या गंभीर हो गई है।
विशेषज्ञ इस संकट के लिए दिल्ली के बड़े पैमाने पर शहरीकरण को जिम्मेदार ठहराते हैं, जिसमें शहर के प्राकृतिक जल संसाधनों की अनदेखी की गई है।
दिल्ली के 27 प्रशासनिक प्रभागों में से 15 में भूजल का कथित तौर पर 'अत्यधिक दोहन' किया जाता है।
जल संयंत्र
जरूरत पूरी करने में असमर्थ जल संयंत्र
DJB के 8 जल उपचार संयंत्र (WTP) ज्यादातर समय अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करते हैं, लेकिन फिर भी महानगर की जरूरतों को पूरा नहीं कर पाते।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद में स्थित WTP 12 से 14 मई और फिर 18 मई से 1 जून तक अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर सका था। इसी दौरान दिल्ली में अत्यधिक गर्मी थी, जिसने संकट को और बढ़ा दिया।
आपूर्ति
लगातार कम हो रही आपूर्ति
दिल्ली में रोजाना लगभग 3.7-3.8 अरब लीटर पानी का उत्पादन होता है, लेकिन पानी की कमी से ये उत्पादन पिछले एक सप्ताह में कम हुआ है।
6 जून को दिल्ली में 3.8 अरब लीटर पानी का उत्पादन हुआ। 7 जून को ये घटकर 3.7 अरब लीटर और 9 जून को और भी घट गया। 12 जून को 3.6 अरब लीटर पानी का उत्पादन हुआ। यानी दिल्ली की जरूरत के मुकाबले पानी कम मिल रहा है।