Page Loader
क्या है देश में मिला डबल म्यूटेंट कोरोना वेरिएंट और यह चिंता का कारण क्यों है?

क्या है देश में मिला डबल म्यूटेंट कोरोना वेरिएंट और यह चिंता का कारण क्यों है?

Mar 25, 2021
08:28 pm

क्या है खबर?

भारत में कोरोना वायरस के एक डबल म्यूटेंट वेरिएंट के मिलने से सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं और स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसे चिंता का कारण बताया है। देश के कई राज्यों में इस नए वेरिएंट से संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं और महाराष्ट्र इससे सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। आइए आपको बताते हैं कि ये नया डबल म्यूटेंट वेरिएंट क्या है और क्यों इसने सभी को चिंता में डाला हुआ है।

परिचय

क्या है डबल म्यूटेंट वेरिएंट?

भारत में कोरोना वायरस का जो डबल म्यूटेंट वेरिएंट पाया गया है, उसमें E484Q और L452R नामक दो अहम म्यूटेशन हुए हैं। ये दोनों वायरस की स्पाइक प्रोटीन में हुए हैं जिसकी मदद से वायरस शरीर की कोशिकाओं से जुड़कर अपनी संख्या बढ़ाता है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, ये दो म्यूटेशन दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील और अमेरिका के कैलिफोर्निया में सामने आए वेरिएंट्स से मिलते-जुलते हैं। E484Q म्यूटेशन अफ्रीकी और ब्राजीली वेरिएंट्स और L452R म्यूटेशन कैलिफोर्निया वेरिएंट से मिलता है।

चिंता

क्यों चिंता का कारण है नया वेरिएंट?

यूं तो वायरसों में म्यूटेशन होना आम है, लेकिन डबल म्यूटेशन अक्सर इसके व्यवहार को बदल देते हैं और यही देश में पाए गए कोरोना के डबल म्यूटेंट वेरिएंट से संबंधित चिंता का कारण है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ऐसे म्यूटेशन अक्सर इम्युनिटी को चकमा देने में कामयाब होते हैं और वायरस को पहले से अधिक संक्रामक बना देते हैं। ऐसे वायरसों पर वैक्सीनों का भी ज्यादा असर नहीं होता और उन्हें बदलना पड़ता है।

संबंध

क्या नए वेरिएंट है कोरोना की दूसरी लहर का कारण?

ये डबल म्यूटेंट वेरिएंट ऐसे समय पर सामने आया है जब देश कोरोना वायरस की दूसरी लहर का सामना कर रहा है और महाराष्ट्र जैसे कई राज्यों में स्थिति बेहद खराब है। ़ इन राज्यों में दैनिक मामलों की संख्या पहली लहर के चरण को पार कर चुकी है और इनमें अभी भी वृद्धि जारी है। हालांकि अभी तक मामलों में वृद्धि और इस नए वेरिएंट के बीच कोई संबंध नहीं पाया गया है।

बयान

अभी नए वेरिएंट को दूसरी लहर से नहीं जोड़ा जा सकता- स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अभी देश में डबल म्यूटेंट वेरिएंट के इतने मामले सामने नहीं आए हैं जिससे इसे दूसरी लहर से जोड़ा जा सके। वैज्ञानिक इस दिशा में शोध कर रहे हैं और वेरिएंट कितना खतरनाक है, यह पता लगा रहे हैं।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में नए वेरिएंट के सबसे अधिक मामले

अभी तक देश में इस डबल म्यूटेंट वेरिएंट से संक्रमण के 200 से अधिक नए मामले सामने आ चुके हैं और महाराष्ट्र इससे सबसे अधिक प्रभावित है। यहां इस वेरिएंट के 202 मामले सामने आ चुके हैं और नए मामलों में लगभग 20 प्रतिशत मामले इसी वेरिएंट के हैं। सरकार के अनुसार, महाराष्ट्र में कुल मामलों में नए वेरिएंट की हिस्सेदारी में दिसंबर के मुकाबले वृद्धि हुई है। दिलचस्प यह है कि महाराष्ट्र में अभी रिकॉर्ड मामले आ रहे हैं।

कोरोना का कहर

देश में कोरोना वायरस महामारी की क्या स्थिति?

भारत अभी कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर का सामना कर रहा है और बीते दिन यहां 53,476 नए मामले सामने आए जो पिछले पांच महीने में एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। इनमें से 31,855 मामले अकेले महाराष्ट्र में मिले। इसके अलावा पंजाब, दिल्ली और छत्तीसगढ़ जैसे कुछ राज्यों में भी स्थिति खराब है। देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 3.95 लाख हो गई है और 1.60 लाख लोगों की मौत हुई है।