LOADING...
उत्तराखंड: उत्तरकाशी के बलीगढ़ इलाके में फटा बादल; निर्माणाधीन होटल क्षतिग्रस्त, 9 मजदूर लापता
उत्तरकाशी में बादल फटने के बाद राहत कार्य में जुटे NDRF के जवान

उत्तराखंड: उत्तरकाशी के बलीगढ़ इलाके में फटा बादल; निर्माणाधीन होटल क्षतिग्रस्त, 9 मजदूर लापता

Jun 29, 2025
09:24 am

क्या है खबर?

उत्तराखंड में चल रहे भारी बारिश के दौर से अब हादसे होने लगे हैं। उत्तरकाशी के बलीगढ़ इलाके में बादल फटने से एक निर्माणाधीन होटल को भारी नुकसान पहुंचा है और वहां रह रहे करीब 9 मजदूर लापता हैं। बादल फटने की घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। घटना से बरकोट और यमुनोत्री मार्ग बाधित हो गया।

वीडियो

वीडियो में दिखा तबाही का मंजर

बादल फटने की घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि किस तरह से बादल फटने की वजह से इलाके में हर तरफ तबाही फैल गई है। पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसक गया है और हर चीज मलबे में दबी दिख रही है। मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। लापता हुए मजदूरों की भी तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वीडियो

Advertisement

बयान

जिला कलक्टर ने जारी किया बयान

उत्तरकाशी के जिला कलक्टर प्रशांत आर्य ने बताया कि जिले के बड़कोट-यमुनोत्री मार्ग पर बलीगढ़ में बादल फटने से निर्माणाधीन होटल साइट को भारी नुकसान पहुंचा है। निर्माणाधीन होटल साइट पर काम कर रहे 8-9 मजदूर लापता हैं। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी सिलाई बैण्ड के पास 2-3 स्थानों पर बाधित हो गया है। उन्होंने बताया कि कुथनौर क्षेत्र में भी बादल फटने और भारी वर्षा के कारण स्थानीय ग्रामीणों की कृषि भूमि को भारी नुकसान पहुंचा है।

Advertisement

कदम

चार धाम यात्रा 24 घंटे के लिए रोकी

उत्तराखंड में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं को देखते हुए सरकार ने चार धाम यात्रा को 24 घंटे के लिए रोक दिया है। गढ़वाल पुलिस आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके कारण बद्रीनाथ, पांडुकेश्वर, चमोली, जोशीमठ और कर्णप्रयाग में सभी यात्रियों को रोक लिया गया है। यात्रियों के जोशीमठ से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। भूस्खलन की वजह से जगह-जगह यात्री फंस रहे हैं।

Advertisement