कर्नाटक में चिंताजनक दर से बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामले
क्या है खबर?
कर्नाटक में पिछले कुछ दिनों से कोरोना वायरस के मामले चिंताजनक दर से बढ़ रहे हैं।
इसे देखते हुए राजधानी बेंगलुरू में 14 जुलाई से 22 जुलाई तक संपूर्ण लॉकडाउन लागू किया जा रहा है।
शनिवार को सामने आए लगभग 2,800 नए मामलों के साथ कर्नाटक में संक्रमितों की संख्या 36,216 पहुंच गई है और यह उत्तर प्रदेश को पछाड़कर पाचंवा सबसे प्रभावित राज्य बन गया है।
यहां देश में सबसे तेज दर से नए मरीज मिल रहे हैं।
कर्नाटक
शनिवार को हुईं 70 मौतें
कर्नाटक में पिछले एक सप्ताह से मौतों की संख्या भी बढ़ रही है।
राज्य में अब तक हुई कुल 617 मौतों में से लगभग 60 प्रतिशत यानी 367 इसी महीने हुई है। इनमें से भी लगभग 200 मौतें बीते महज चार दिनों में हुई हैं।
शनिवार को कर्नाटक में 70 मौतें हुईं। देशभर में केवल महाराष्ट्र और तमिलनाडु ही ऐसे दो राज्य हैं, जहां कोरोना वायरस के कारण इतनी बड़ी संख्या में मौतें हो रही हैं।
कर्नाटक
7.7 प्रतिशत की दर से बढ़ रही मरीजों की संख्या
इसके अलावा राज्य में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने की दर 7.7 प्रतिशत है। जो दूसरे स्थान पर मौजूद आंध्र प्रदेश से काफी आगे है।
कुछ दिन पहले तक इस मामले में तेलंगाना कर्नाटक से काफी आगे थे, लेकिन अब वहां हालात सुधर रहे हैं और मामले बढ़ने की दर कम होकर 6.6 प्रतिशत हो गई है।
अगर राष्ट्रीय औसत की बात करें तो प्रति दिन कम हो रही है और फिलहाल 3.4 प्रतिशत है।
कोरोना वायरस
देश में 8.5 लाख के करीब पहुंची संक्रमितों की संख्या
देश में पिछले एक सप्ताह से रोजाना पिछले दिन से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। इसके बावजूद नए मामलों के सामने आने की दर कम हो रही है।
शनिवार को देशभर में 28,637 नए मामले सामने आए, जो एक दिन की सर्वाधिक संख्या है।
इसके साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या लगभग 8.50 लाख हो गई है। इनमें से 2,92,258 सक्रिय मामले हैं, 5,34,621 मरीज महामारी को हराकर ठीक हो चुके हैं और 22,674 लोगों की मौत हुई है।
लॉकडाउन
कई हिस्सों में फिर से लगने लगे लॉकडाउन
देश में तेजी से फैल रहे महामारी के संक्रमण के कारण कई राज्यों में फिर से लॉकडाउन लागू किए जा रहे हैं।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पिछले तीन सप्ताह में चेन्नई और उसके आसपास के इलाकों, महाराष्ट्र के ठाणे, कल्याण, मुंबई के आसपास के इलाके, पुणे, असम के गुवाहाटी, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल के अलावा मेघालय, नागालैंड और जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में लॉकडाउन लगाए जा चुके हैं।
इस कड़ी में बेंगलुरू सबसे ताजा उदाहरण है।
कोरोना वायरस
ओडिशा में तेजी से बढ़े मामले, महाराष्ट्र में 10,000 मौतें
कर्नाटक के अलावा ओडिशा में भी संक्रमण की रफ्तार में इजाफा देखा जा रहा है। शनिवार को राज्य में 600 नए मामले सामने आए।
इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 13,121 हो गई है। इनमें से 4,000 से ज्यादा बीते एक सप्ताह के दौरान संक्रमित हुए हैं।
वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र में कल पहली बार 8,000 से ज्यादा नए मरीज मिले। राज्य में मृतकों की संख्या भी 10,000 से पार हो गई है।