कोरोना: दिल्ली में सुधर रही स्थिति, रोजाना ठीक होने वालों की संख्या नए मरीजों से ज्यादा
क्या है खबर?
कोरोना वायरस (COVID-19) का प्रकोप झेल रही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की स्थिति में सुधार आता नजर आ रहा है।
पिछले आठ दिनों में से सात ऐसे रहे हैं, जिस दिन नए संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वाले लोगों की संख्या ज्यादा रही।
बुधवार को यह अंतर लगभग 2,000 पहुंच गया, जब नए मिले 2,033 मरीजों की तुलना में 3,982 लोग महामारी को हराकर ठीक हुए।
आइये, यह पूरी खबर जानते हैं।
कोरोना वायरस
दिल्ली में 23 जून को आए थे सर्वाधिक मामले
दिल्ली में 23 जून को 3,947 नए मामलों के साथ संक्रमण पीक पर पहुंचा था। उसके बाद से रोजाना नए मरीजों की संख्या में गिरावट आ रही है। सोमवार को तो महज 1,379 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई।
वहीं दूसरी तरफ उस दौरान संक्रमित हुए लोग भी अब ठीक होकर घर लौट रहे हैं, जिस कारण रिकवरी रेट में भी सुधार देखने को मिल रहा है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में इसे महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है।
संक्रमण
किसी दूसरे राज्यों ने नहीं दिखा ऐसा रूझान
अगर दिल्ली में लगातार दो सप्ताह तक नए मरीजों की संख्या में गिरावट आती है तो माना जाएगा कि यहां महामारी का प्रकोप पीक पर पहुंच गया था।
इसका मतलब यह होगा कि नए मरीजों की तुलना में ठीक होने वाले लोग अधिक होंगे।
दिल्ली में अभी पिछले एक सप्ताह से यह रूझान देखा जा रहा है। हालांकि, एक दिन इसमें थोड़ा बदलाव हुआ था। किसी बड़े राज्य में इससे पहले कभी इतने दिनों तक मामले कम नहीं हुए थे।
कोरोना वायरस
दिल्ली में एक लाख से ज्यादा लोग संक्रमित
दूसरे राज्यों में कई मौके ऐसे आए, जब ठीक होने वालों की संख्या नए संक्रमितों से अधिक रही, लेकिन यह रूझान दो-तीन दिन तक ही चला।
राजस्थान में कई ऐसे मौके आए, लेकिन यह दो दिन से ज्यादा समय तक जारी नहीं रह सके।
वहीं अगर दिल्ली की बात करें तो यहां 1,04,864 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 23,452 सक्रिय मामले हैं, 78,199 लोग ठीक हुए हैं और 3,213 लोगों की मौत हुई है।
कोरोना वायरस
दूसरे राज्यों और देश का यह हाल
वहीं अगर महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे राज्यों की बात की जाए तो यहां राष्ट्रीय स्तर की तरह रोजाना मिलने नए मरीजों की संख्या ठीक होने वालों से कहीं ज्यादा है।
देश में सिर्फ एक बार ऐसा हुआ है, जिस दिन ठीक हुए मरीजों की संख्या नए संक्रमितों से ज्यादा थी। उस दिन महाराष्ट्र ने पहले से ठीक हुए लोगों की संख्या कुल संख्या में शामिल कर बताई थी।
उसके बाद से संक्रमित होने वालों की संख्या ज्यादा है।
कोरोना वायरस
देश में आठ लाख की तरफ बढ रहा संक्रमितों का आंकड़ा
वहीं देशभर में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या सात लाख से ज्यादा और मृतकों का आंकड़ा 21,000 से पार हो गया है।
गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 7,67,296 हो गई है, वहीं 21,129 लोगों की कोरोना के संक्रमण से मौत हुई है।
दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे और मौतों के मामले में आठवें स्थान पर है।