Page Loader
बेंगलुरू: 94 हजार रुपये देकर ऑर्डर किया आईफोन 11 प्रो, पार्सल में मिला नकली फोन

बेंगलुरू: 94 हजार रुपये देकर ऑर्डर किया आईफोन 11 प्रो, पार्सल में मिला नकली फोन

Dec 16, 2019
02:36 pm

क्या है खबर?

ऑनलाइन शॉपिंग के कुछ फायदे होने के साथ-साथ नुकसान भी हैं। कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जहां लोगों को नकली चीजें डिलीवर की गई हैं। ऐसा ही एक नया मामला बेंगलुरू में सामने आया है। यहां पर एक शख्स ने फ्लिपकार्ट से आईफोन किया था। इसके लिए उन्होंने पेमेंट भी कर दी थी, लेकिन जब उसके पास पार्सल पहुंचा तो इससे नकली आईफोन निकला। आइये, इस घटना के बारे में विस्तार से जानते हैं।

धोखाधड़ी

कैमरे की जगह लगा था स्टिकर

दरअसल, बेंगलुरू के रहने वाले इंजीनियर रजनी कांत कुशवाह ने आईफोन 11 प्रो ऑर्डर किया था। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन 93,900 रुपये का भुगतान कर दिया। जब उनको यह फोन डिलीवर हुआ तो कुशवाह के होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि लगभग 94,000 रुपये भुगतान करने के बाद उन्हें नकली फोन मिला। इसे आईफोन 11 प्रो जैसा दिखाने के लिए इसके पीछे आईफोन के कैमरा सेटअप का नकली स्टिकर चिपकाया गया था।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये वीडियो

जानकारी

कंपनी ने दिया प्रोडक्ट बदलने का आश्वासन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुशवाह ने बताया कि फोन में कई एंड्रॉयड ऐप्स डाउनलोड की गई थी, जो ऐपल के डिवाइस में कभी नहीं हो सकता। कुशवाह ने इसे लेकर फ्लिपकार्ट के अधिकारियों से बात की तो उन्होंने प्रोडक्ट को बदलने का आश्वासन दिया है।

ट्विटर पोस्ट

फोन पर लगा था स्टिकर

पुराना मामला

भाजपा सांसद को फोन की जगह मिले पत्थर के टुकड़े

ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए ठगी का शिकार आम आदमी नहीं बल्कि खास भी हो रहे हैं। कुछ दिन पहले एक लोकसभा सांसद को फोन की जगह पत्थर के टुकड़े डिलीवर हुए थे। दरअसल, पश्चिम बंगाल के मालदा उत्तर से भाजपा सांसद खगेन मुर्मु ने दीवाली से पहले सैमसंग का एक फोन ऑर्डर किया था। जब उन्हें पार्सल मिला तो इसमें रेडमी फोन का बॉक्स था। इस बॉक्स की सील टूटी हुई थी और इसमें पत्थर के दो टुकड़े पैक थे।

शिकायत

मुर्मु ने पुलिस में दी थी शिकायत

मुर्मु ने बताया, "पहले तो मैं इस बात से हैरान था कि मुझे सैमसंग की जगह रेडमी 5A का बॉक्स मिला। इस बॉक्स की सील टूटी हुई थी। जब मैंने इस बॉक्स को खोलकर देखा तो इसमें पत्थर के टुकड़े रखे हुए थे।" ठगी का शिकार होने के बाद मुर्मु ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा था कि वो इस मामले की उपभोक्ता मामलों के केंद्रीय मंत्री को भी शिकायत देंगे।