कोरोना वैक्सीनेशन: भारत ने लगाईं 200 करोड़ खुराकें, WHO ने दी बधाई
क्या है खबर?
कोरोना वायरस के खिलाफ जारी जंग में भारत ने एक और ऐतिहासिक मुकाम छू लिया है। दरअसल, भारत में अब तक कोरोना वैक्सीन की 200 करोड़ खुराकें लगाई जा चुकी हैं। पिछले साल जनवरी में शुरू हुए वैक्सीनेशन के 18 महीनों बाद भारत ने यह उपलब्धि हासिल की है।
अपनी आबादी को वैक्सीन लगाने के मामले में केवल चीन ऐसा देश है, जो भारत से आगे चल रहा है।
आइये, पूरी खबर जानते हैं।
वैक्सीनेशन अभियान
अब तक कितनी खुराकें लगीं?
कोविन डैशबोर्ड के अनुसार, खबर लिखे जाने तक देश में वैक्सीन की कुल 2,00,00,15,631 खुराकें लग चुकी थीं। इनमें से 1,01,90,73,891 पहली खुराक, 92,59,26,880 दूसरी खुराक और 5,50,14,860 तीसरी खुराक यानी प्रिकॉशन डोज हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की दक्षिण-पूर्व एशिया की निदेशक डॉ पूनम खेत्रपाल ने इस उपलब्धि पर भारत को बधाई देते हुए कहा कि यह महामारी के असर को कम करने के प्रयासों और प्रतिबद्धताओं का एक और सबूत है।
वैक्सीनेशन अभियान
कवरेज बढ़ाने के लिए चल रहा विशेष अभियान
वैक्सीनेशन कवरेज को बढ़ावा देने के लिए इसी सप्ताह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 75 दिनों का विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत सभी सरकारी वैक्सीनेशन केंद्रों पर मुफ्त बूस्टर खुराक की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
बता दें, देश में महामारी की चौथी लहर की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार ने 8 अप्रैल को आदेश जारी कर 10 अप्रैल से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को बूस्टर डोज लगवाने की अनुमति दे दी थी।
जानकारी
तीसरी खुराक की कवरेज चिंताजनक
देश की करीब 96 प्रतिशत आबादी को वैक्सीन की पहली और 87 प्रतिशत आबादी को दोनों खुराकें लग चुकी हैं। हालांकि, तीसरी खुराक के प्रति लोगों की लापरवाही चिंता का कारण बनी हुई है। सरकार लगातार यह कवरेज बढ़ाने पर काम कर रही है।
शुरुआत
16 जनवरी, 2021 को शुरू हुआ था वैक्सीनेशन अभियान
देश में 16 जनवरी, 2021 को कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीनेशन अभियान शुरू हुआ था। शुरुआत में कोविशील्ड और कोवैक्सिन को आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी मिली थी। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को खुराकें लगाई गईं और बाद में फ्रंटलाइन कर्मचारियों और 60 साल से अधिक की आबादी को शामिल किया गया था।
अब तक देश में आठ से अधिक वैक्सीनों को इस्तेमाल की मंजूरी मिल गई है और 12 साल से अधिक के लोगों का वैक्सीनेशन हो रहा है।
जानकारी
अक्टूबर में छुआ था 100 करोड़ का आंकड़ा
पिछले साल अक्टूबर तक भारत ने 100 करोड़ खुराकें देने का आंकड़े को छू लिया था। पिछले साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देश में एक दिन में सबसे अधिक 2.5 करोड़ खुराकें लगी थीं।
कोरोना वायरस
देश में क्या है महामारी की स्थिति?
भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 20,528 नए मामले सामने आए और 49 लोगों की मौत हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,37,50,599 हो गई है। इनमें से 5,25,709 मरीजों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,43,449 हो गई है।
एक दिन पहले देश में 20,044 नए मामले सामने आए थे। देश में चार दिनों से दैनिक मामलों की संख्या 20,000 से अधिक रह रही है।