Page Loader
भारत-पाकिस्तान में तनाव और सीमा बंद होने के बावजूद मई में हुआ इतना व्यापार
भारत-पाकिस्तान तीसरे देशों के जरिए व्यापार कर रहे हैं

भारत-पाकिस्तान में तनाव और सीमा बंद होने के बावजूद मई में हुआ इतना व्यापार

लेखन आबिद खान
Jul 05, 2025
06:39 pm

क्या है खबर?

पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में तनाव अपने चरम पर है। दोनों देशों ने एक-दूसरे के साथ व्यापार बंद करने की बात कही थी। हालांकि, दोनों देश तीसरे देशों के जरिए व्यापार कर रहे हैं। पाकिस्तानी अखबार डॉन ने स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (SBP) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि जुलाई 2024 से मई 2025 के बीच पाकिस्तान में भारत से आयात 3 साल के उच्च स्तर पर पहुंच गया है।

आंकड़े

दोनों देशों में कितना हुआ व्यापार?

डॉन के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष के 11 महीनों में भारत से आयात 21.15 करोड़ डॉलर रहा, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 20.7 करोड़ डॉलर और वित्त वर्ष 2022-23 में 19 करोड़ डॉलर था। मई में जब दोनों देशों में तनाव चरम पर था, तब पाकिस्तान ने भारत से 1.5 करोड़ डॉलर का आयात किया। हालांकि, ये पिछले साल मई की तुलना में थोड़ा सा कम है, जब 1.7 करोड़ डॉलर की वस्तुएं पाकिस्तान ने भारत से आयात की थीं।

निर्भरता

दोनों देशों में एकतरफा व्यापार, पाकिस्तान भारत पर निर्भर

दोनों देशों में आयात और निर्यात के आंकड़े बताते हैं कि पाकिस्तान कई चीजों के लिए भारत पर निर्भर है। वित्त वर्ष 2023-24 और 2022-23 में पाकिस्तान ने क्रमशः 34.4 लाख डॉलर और 3.3 लाख डॉलर की वस्तुएं भारत को निर्यात की, जो द्विपक्षीय व्यापार की एकतरफा प्रकृति को उजागर करती हैं। 2025 के पहले 11 महीने में ये आंकड़ा केवल 5 लाख डॉलर था। ये दर्शाता है कि भारत पाकिस्तान को ज्यादा सामान बेच रहा है।

देश

किन देशों के जरिए हो रहा है व्यापार?

पाकिस्‍तान के एक व्‍यापारी ने बताया कि भारत से पाकिस्‍तान ये सामान तीसरे देश के रास्‍ते पहुंचे हैं और मई में जो व्यापार हुआ है, उसका भुगतान 'ऑपरेशन सिंदूर' के शुरू होने से पहले ही कर दिया गया होगा। डॉन ने एक शोध संस्था के हवाले से कहा, "भारत का पाकिस्तान को अनौपचारिक निर्यात सालाना 10 बिलियन डॉलर होने का अनुमान है, जो मुख्य रूप से दुबई, कोलंबो और सिंगापुर के जरिए होता है।"

व्यापार

2019 से बंद है औपचारिक व्यापार

भारत और पाकिस्‍तान के बीच औपचारिक व्‍यापार 2019 से ही बंद है। तब कश्‍मीर से अनुच्‍छेद 370 हटाया गया था। 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि रद्द करने और वीजा पर रोक लगाने समेत अटारी सीमा से आवाजाही और व्यापार को भी बंद कर दिया था। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत के साथ व्यापार पर रोक लगा दी थी। इसमें तीसरे देशों के माध्यम से होने वाला व्यापार भी शामिल था।