
असीम मुनीर को अमेरिकी सैन्य परेड में नहीं किया गया आमंत्रित, व्हाइट हाउस ने की पुष्टि
क्या है खबर?
पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर सहित किसी भी विदेशी सैन्य नेता को वाशिंगटन में 14 जून को होने वाली अमेरिका की सैन्य परेड में आमंत्रित नहीं किया गया है।
व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि कर दी है। इससे पहले खबरें थी कि मुनीर को सैन्य परेड में आमंत्रित किया गया है।
यह आयोजन अमेरिकी सशस्त्र बलों की 250वीं वर्षगांठ पर आयोजित किया जा रहा है। इसी दिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 79वां जन्मदिन भी है।
बयान
व्हाइट हाउस ने क्या जारी किया बयान?
फाइनेंसियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस ने कहा, "यह गलत है। किसी भी विदेशी सैन्य नेता को आमंत्रित नहीं किया गया था।"
उन्होंने इस अटकल को भी खारिज कर दिया कि मुनीर मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।
यह खंडन ऐसे समय में आया है जब कई रिपोर्ट्स ने दावा किया गया कि मुनीर को आधिकारिक निमंत्रण मिला है। इन रिपोर्टों पर भारतीय विश्लेषकों और विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी।
निशाना
भारत के विपक्षी नेताओं ने साधा था सरकार पर निशाना
इस मामले में भारत के विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के लिए कूटनीतिक शर्मिंदगी बताया था।
रैंड कॉरपोरेशन के वरिष्ठ रक्षा विश्लेषक डेरेक ग्रॉसमैन ने कथित आमंत्रण को भारत के लिए कूटनीतिक झटका भी करार दिया था और चेतावनी दी कि इसे पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व को वैधता प्रदान करने के रूप में देखा जा सकता है।
हालांकि, अब अमेरिका के स्पष्टीकरण से तमाम विपक्षी नेताओं को करारा जवाब मिल गया है।