Page Loader
नीरव मोदी का भाई नेहल अमेरिका में गिरफ्तार, PNB घोटाले में सबूत मिटाने का आरोप
नीरव मोदी के भाई नेहल मोदी को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है

नीरव मोदी का भाई नेहल अमेरिका में गिरफ्तार, PNB घोटाले में सबूत मिटाने का आरोप

लेखन आबिद खान
Jul 05, 2025
04:08 pm

क्या है खबर?

भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के भाई नेहल मोदी को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की अपील पर अमेरिका के न्याय विभाग ने 4 जुलाई को की है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले से जुड़े घटनाक्रम में इसे बड़ा कदम माना जा रहा है। अब 17 जुलाई को एक अमेरिकी अदालत में नेहल की जमानत पर सुनवाई होगी।

प्रत्यर्पण

भारत के प्रत्यर्पण अनुरोध के बाद हुई गिरफ्तारी

नेहल की गिरफ्तारी भारत सरकार के औपचारिक प्रत्यर्पण अनुरोध के बाद हुई है। अमेरिका में नेहल के खिलाफ 2 गंभीर आरोपों में प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है। पहला मामला मनी लॉन्ड्रिंग का है। ये भारत के धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 की धारा 3 के तहत आता है। दूसरा आपराधिक साजिश और सबूतों को मिटाने की कोशिश करने का है। 2019 में इंटरपोल ने नेहल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था।

आरोप

नेहल मोदी पर क्या-क्या आरोप हैं?

नेहल पर 13,600 करोड़ रुपए के PNB घोटाले में शामिल होने का आरोप है। ED और CBI के मुताबिक, पता चला है कि नेहल ने घोटाला करने में नीरव की मदद की थी। इसके लिए नेहल ने नीरव की 2 फर्जी कंपनियों का कामकाज संभाला, जिनके जरिए लगभग 350 करोड़ रुपये इधर से उधर किए गए। इसके अलावा उसने घोटाले से जुड़े कई दस्तावेजों को नष्ट करने की कोशिश भी की।

घोटाला

क्या है PNB घोटाला?

हीरा व्यापारी नीरव ने अपने मामा मेहुल चोकसी के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए पंजाब नेशनल बैंक (PNB) समेत कई बैंकों से 13,500 करोड़ रुपये तक का कर्ज लिया था और इसे नहीं चुकाया। इसे PNB घोटाले के नाम से जाना जाता है। यह घोटाला सामने आने से पहले ही मोदी 2019 में भारत छोड़कर भाग गया था और ब्रिटेन में जाकर रहने लगा था। फिलहाल वो ब्रिटेन की एक जेल में बंद है।

भारत

क्या भारत लाया जाएगा नेहल मोदी?

भारत सरकार इस घोटाले से जुड़े सभी आरोपियों के प्रत्यर्पण की कोशिश कर रही है। नेहल के मामले में ED और CBI ने अमेरिका को प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा है, जिसमें नेहल के खिलाफ कई सबूत भी हैं। निहल ने जमानत के लिए याचिका दायर की है। अगर कोर्ट इसे खारिज करता है और प्रत्यर्पण को मंजूरी देता है, तो उसे भारत लाया जा सकता है। हालांकि, यह प्रक्रिया लंबी और कई स्तर पर हो सकती है।