मध्य 2023 में चीन को पछाड़कर सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश बन जाएगा भारत- UN
क्या है खबर?
भारत जल्द ही दुनिया का सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश बन जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) द्वारा बुधवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, चीन की तुलना में 29 लाख से अधिक लोगों के साथ भारत इस वर्ष के मध्य में दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बनने वाला है।
गौरतलब है कि वर्ष 1950 के बाद यह पहला मौका होगा जब भारत की जनसंख्या चीन से आगे निकल जाएगी।
रिपोर्ट
रिपोर्ट में क्या आंकड़ें दिए गए हैं?
UNFPA ने बुधवार को 'स्टेट ऑफ वर्ल्ड पॉपुलेशन रिपोर्ट, 2023' जारी की।
रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य 2023 में भारत की जनसंख्या 1.4286 अरब हो जाएगी, जबकि चीन की जनसंख्या 1.4257 अरब होने का अनुमान है। इसके मुताबिक दोनों देशों की जनसंख्या के बीच का अंतर करीब 29 लाख हो जाएगा।
भारत और चीन के बाद करीब 34 करोड़ की जनसंख्या के साथ अमेरिका तीसरे नंबर पर होगा।
रिपोर्ट में फरवरी तक के आंकड़ों को आधार बनाया गया है।
अनुमान
UN के अधिकारियों ने क्या कहा?
संयुक्त राष्ट्र (UN) के अधिकारियों के मुताबिक, भारत और चीन द्वारा जारी किए गए आंकड़ों में अनिश्चितता होने के कारण यह तारीख बताना असंभव है कि कब भारत दुनिया का सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश बनेगा।
गौरतलब है कि भारत की आखिरी जनगणना वर्ष 2011 में आयोजित की गई थी और वर्ष 2021 में होने वाली अगली जनगणना की प्रक्रिया में कोरोना वायरस महामारी के कारण देरी हो गई है।
आबादी
भारत और चीन में रहती है दुनिया की एक-तिहाई आबादी
गौरतलब है कि दुनिया की कुल आबादी 8.045 अरब है, जिसमें से एक-तिहाई आबादी सिर्फ भारत और चीन में रहती है। हालांकि, दोनों ही देशों में जनसंख्या वृद्धि दर में गिरावट देखी जा रही है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत की वार्षिक जनसंख्या वृद्धि 2011 के बाद से औसतन 1.2 प्रतिशत रही है, जबकि पिछले 10 वर्षों में यह करीब 1.7 प्रतिशत थी।
पिछले कुछ समय से चीन की आबादी में भी लगातार गिरावट हो रही है।
गिरावट
चीन की आबादी में क्यों आई है गिरावट?
बता दें कि जनवरी में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, चीन की जनसंख्या में वर्ष 1961 के बाद सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है और 60 वर्षों में पहली बार देश की जनसंख्या घटी है।
चीन के नेशनल ब्यूरो ऑफ स्टैटिक्स (NBS) के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 के अंत में देश की जनसंख्या 1.41175 अरब दर्ज की गई, जबकि एक साल पहले 2021 में देश की जनसंख्या 1.41260 अरब थी।