Page Loader
इंडिगो विमान की मुंबई में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, पायलट का दिया 'पैन-पैन-पैन' इमरजेंसी संदेश क्या है?
दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की उड़ान का इंजन फेल

इंडिगो विमान की मुंबई में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, पायलट का दिया 'पैन-पैन-पैन' इमरजेंसी संदेश क्या है?

लेखन गजेंद्र
Jul 17, 2025
09:41 am

क्या है खबर?

दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की उड़ान को बुधवार को आपातकालीन स्थिति में मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। बताया जा रहा है कि विमाान का एक इंजन फेल होने के बाद पायलट ने "पैन-पैन-पैन" का इमरजेंसी संदेश दिया था, जिसके बाद उड़ान को मुंबई की तरफ मोड़ा गया। पैन-पैन-पैन विमानन सेवा में एक इमरजेंसी संदेश है, जो संभावित सहायता की आवश्यकता के लिए होता है। हालांकि, विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।

घटना

क्या है पूरा मामला?

एयरबस A320neo इंडिगो उड़ान 6E-6271 ने 191 यात्रियों के साथ बुधवार रात को दिल्ली से गोवा के लिए उड़ान भरी थी। विमान भुवनेश्वर से लगभग 100 समुद्री मील उत्तर में उड़ रहा था, तभी इंजन में गड़बड़ी की जानकारी मिली। पायलटों ने आपातकालीन संदेश देकर विमान को मुंबई की ओर मोड़ने का अनुरोध किया। मुंबई हवाई अड्डा के अधिकारियों ने बताया कि रात 11:35 बजे हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल घोषित किया गया और 11:52 पर विमान सुरक्षित उतर गया।

जानकारी

हवाई अड्डे पर थी पूरी तैयारी

मुंबई हवाई अड्डे पर आपातकाल घोषित होते ही मानक संचालन प्रक्रिया (SoP) का पालन किया गया। इस दौरान एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां स्टैंडबाई पर थीं। विमान उतरते ही अनहोनी की आशंका में वाहन उनके साथ बे तक पीछा करते रहे। हालांकि, सभी सुरक्षित थे।

अंतर

"मेडे" से कितना अलग है "पैन" आपातकालीन संदेश?

उड़ान के दौरान आपातकालीन परिस्थिति पर पायलट "मेडे" या फिर "पैन" संदेश का उपयोग करते हैं, दोनों फ्रांस में उत्पन्न शब्द हैं। "पैन-पैन-पैन" कॉल का उपयोग आपात स्थिति में होता है, लेकिन इसमें विमान या उसके यात्रियों के लिए तत्काल खतरा या नुकसान पैदा नहीं करता है। हालांकि, इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते। वहीं "मेडे-मेडे-मेडे" आपातकालीन स्थिति को बताता है, जिसमें पायलट जीवन के लिए खतरा होता है और विमान से नियंत्रण छूट जाता है। इसमें घटना रोकना संभव नहीं।