Page Loader
इंडिगो के विमान में बम होने की धमकी से मचा हड़कंप, मुंबई में कराई आपात लैंडिंग
इंडिगो के विमान में बम की धमकी से मचा हड़कंप (तस्वीर: पिक्सल)

इंडिगो के विमान में बम होने की धमकी से मचा हड़कंप, मुंबई में कराई आपात लैंडिंग

Jun 01, 2024
12:17 pm

क्या है खबर?

चेन्‍नई से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले इंडिगो के एक विमान में शनिवार को बम होने की धमकी से हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को दी गई और विमान की मुंबई में आपात लैंडिंग कराई गई। इसके बाद सबसे पहले सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उसके बाद विमान को खाली क्षेत्र में ले जाकर उसकी जांच कराई जा रही है। हालांकि, अभी तक की जांच में विमान में कोई बम नहीं मिला है।

धमकी

चालक दल को विमान में मिली धमकी भरी चिट्‌ठी

इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि चेन्नई से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले विमान 6E 5314 के चालक दल को केबिन में 'डू नॉट लैंड बॉम्बे...यू लैंड बॉम्‍ब ब्लास्ट' लिखी हुई चिट्‌ठी मिली थी। उसके बाद तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दी गई। एजेंसियों के निर्देश पर विमान की आपात लैंडिंग कराकर उसे आइसोलेशन-बे में ले जाया गया, जहां सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और अब विमान की जांच जारी है।

पनरावृत्ति

कुछ ही दिनों में मिली तीसरी धमकी

हाल ही के दिनों में किसी विमान को मिली यह तीसरी धमकी है। इससे पहले दिल्ली से बनारस जाने वाली उड़ान को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। हालांकि, जांच में वह झूठी धमकी निकली। इसी तरह दिल्ली से श्रीनगर जाने वाली उड़ान में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। अब चेन्नई से मुंबई जाने वाली इस उड़ान में इस तरीके की धमकी मिली है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां मामले की छानबीन में जुट गई है।