चक्रवात 'दाना' अगले 48 घंटे में ओडिशा और बंगाल से टकराएगा, स्कूल बंद किए गए
क्या है खबर?
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र संभवतः गुरुवार रात को गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा।
संभावना है कि ओडिशा के पुरी में गुरुवार 24 अक्टूबर की रात को और पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप में शुक्रवार 25 अक्टूबर को चक्रवात 'दाना' दस्तक देगा।
IMD ने बताया कि चक्रवाती तूफान 'दाना' के कारण 24 और 25 अक्टूबर को ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश हो सकती है।
चक्रवात
ओडिशा में दिखेगा सबसे अधिक असर
IMD ने बताया कि सोमवार को बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना, जो मंगलवार को ओडिशा के पारादीप से 730 किलोमीटर और सागर द्वीप से 740 किलोमीटर दूर दबाव में बदल गया।
IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि चक्रवात से ओडिशा के सबसे अधिक प्रभावित होने की संभावना है, जहां भारी से बहुत भारी वर्षा और तेज हवाएं चलेंगी।
इससे तटीय क्षेत्र में सड़क और रेल सेवाएं प्रभावित हो सकती है।
अलर्ट
सभी सरकारी एजेंसियां अलर्ट पर
चक्रवात को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), तटरक्षक बल और अन्य सरकारी एजेंसियों की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
चक्रवात से प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए दोनों राज्य सरकारों ने तटीय क्षेत्रों से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है।
ओडिशा में 14 जिलों में स्कूलों को बंद किया गया है, जबकि 25 अक्टूबर तक सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई है।
प्रभाव
कहां-कहां दिखेगा असर?
IMD ने ओडिशा के पुरी, खुर्दा, गंजम और जगतसिंहपुर जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
साथ ही पश्चिम बंगाल के पूरबा, पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, पुरुलिया और बांकुरा जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
ओडिशा में गंजम, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, क्योंझर, ढेंकनाल, जाजपुर, अंगुल, खोरधा, नयागढ़ और कटक जिलों में स्कूल बंद रहेंगे।
दौरा
राष्ट्रपति और गृह मंत्री ने दौरा रद्द किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चक्रवात 'दाना' को देखते हुए अपना दौरा स्थगित कर दिया है। राष्ट्रपति का बंगरीपोसी, उपरबेड़ा, रायरंगपुर, पुरी और भुवनेश्वर जाने का कार्यक्रम था।
वहीं चक्रवात के कारण बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल का दौरा किया है।
उनको पेट्रापोल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर 450 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक यात्री टर्मिनल का उद्घाटन करने के लिए पहुंचना था।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने शून्य हताहत का लक्ष्य रखा है।
जानकारी
भयंकर होगा तूफान
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार से ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक धीरे-धीरे बढ़कर 100-110 किमी और 120 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।