कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर: इन राज्यों ने लिए लागू किया नाइट कर्फ्यू और लॉकडाउन
क्या है खबर?
देश में इस समय चल रही कोरोना महामारी की दूसरी लहर ने हाहाकार मचा रखा है। शुक्रवार को भी देश में रिकॉर्ड 1,45,384 नए मामले सामने आए हैं।
ऐसे में दूसरी लहर से बचाव के लिए राज्यों ने सप्ताहांत लॉकडाउन सहित नाइट कर्फ्यू जैसे उपाय लागू कर दिए हैं।
इसी तरह कई राज्य इस पर विचार कर रहे हैं। ऐसे में यहां जानते हैं कि अब तक किन-किन राज्यों ने नाइट कर्फ्यू और लॉकडाउन लागू किया है।
हालात
देश में यह है कोरोना संक्रमण के मौजूदा हालात
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,45,384 नए मामले सामने आए और 794 मरीजों की मौत हुई है। महामारी की शुरुआत के बाद देश में एक दिन में मिले ये सर्वाधिक मामले हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,33,05,926 हो गई है। इनमें से 1,68,436 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 10,46,631 हो गई है।
#1
सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में लागू है नाइट कर्फ्यू और लॉकडाउन
महाराष्ट्र देश का सबसे प्रभावित राज्य है। यहां शुक्रवार को 58,993 नए मामले आए और 301 मरीजों की मौत हुई।
संक्रमितों की कुल संख्या 32,88,540 पर पहुंच गई। इनमें से 57,329 की मौत हो चुकी है और 5,36,063 सक्रिय मामले हैं।
सरकार ने गत 4 अप्रैल को रात 8 से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू की घोषणा के साथ 9 अप्रैल से सप्ताहांत लॉकडाउन (शुक्रवार रात 8 से सोमवार सुबह 7 बजे तक) की घोषणा की थी।
पाबंदियां
महाराष्ट्र सरकार ने ये पाबंदियां भी की है लागू
महाराष्ट्र सरकार ने सप्ताहांत लॉकडाउन में किराने का सामान, दवाइयां और फल-सब्जियों की दुकानों को छोड़कर सभी प्रकार की दुकानें, मॉल और बाजार 30 अप्रैल तक बंद रखने का निर्णय किया है।
इसी तरह सिनेमाघरों, मल्टीप्लेक्स, थिएटर, वीडियो पार्लर, क्लब, स्विमिंग पूल, खेल परिसर, ऑडिटोरियम, वाटर पार्क, सैलून, ब्यूटी पार्लर और स्पा 30 अप्रैल तक पूरी तरह बंद रहेंगे।
वैक्सीन की कमी के कारण मुंबई में सोमवार तक निजी वैक्सीनेशन सेंटरों को बंद कर दिया है।
#2
छत्तीसगढ़ सरकार ने आठ जिलों में लागू किया लॉकडाउन
छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को सामने आए 11,447 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 4,18,678 पर पहुंच गई है। इनमें से 4,654 की मौत हो चुकी है और 76,868 सक्रिय मामले हैं।
सरकार ने आठ जिलों में लॉकडाउन की घोषणा की है। इनमें से राजनंदगांव, बेमेतरा और बालोद में शनिवार शाम और जशपुर, कोरिया और बलौदाबाजार में रविवार शाम से पूर्ण लॉकडाउन लागू होगा। इसी तरह दुर्ग जिले में पहले से ही लॉकडाउन लागू है।
#3
दिल्ली में 30 अप्रैल तक लागू है नाइट कर्फ्यू
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को सामने आए 8,521 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 7,06,526 पर पहुंच गई है। इनमें से 11,196 की मौत हो चुकी है और 26,631 सक्रिय मामले हैं।
सरकार ने गत 6 अप्रैल को 30 अप्रैल तक रात 10 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया है।
इसी तरह अग्रिम आदेशों तक स्कूलों को बंद कर दिया गया। नाइट कर्फ्यू से आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छूट दी गई है।
#4
मध्य प्रदेश में लागू है नाइट कर्फ्यू और लॉकडाउन
छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को सामने आए 4,882 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 3,27,220 पर पहुंच गई है। इनमें से 4,136 की मौत हो चुकी है और 30,486 सक्रिय मामले हैं।
सरकार ने इंदौर के राऊ नगर, महू नगर, उज्जैन और शाजापुर तथा बड़वानी, राजगढ़ और विदिशा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 19 अप्रैल सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन किया है।
इसी तरह बालाघाट, नरसिंहपुर, सिवनी और जबलपुर में 12 से 22 अप्रैल तक लॉकडाउन लागू रहेगा।
जानकारी
शहरी क्षेत्रों में लागू है नाइट कर्फ्यू
मध्य प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन के अलावा सभी शहरी क्षेत्रों में रात 10 से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया है। इसी तरह सप्ताहांत कर्फ्यू शुक्रवार शाम 6 से सोमवार सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा। छिंदवाड़ा में 16 अप्रैल तक लॉकडाउन है।
#5 #6
पंजाब और गुजरात में लागू है नाइट कर्फ्यू
पंजाब में संक्रमितों की संख्या 2,66,494 पर पहुंच गई है और 27,219 सक्रिय मामले हैं।
सरकार ने 30 अप्रैल तक सभी जिलों में रात 9 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया है। चंडीगढ़ में कर्फ्यू का समय रात 10:30 से सुबह 5 बजे तक है।
गुजरात में संक्रमितों की कुल संख्या 3,37,015 पर पहुंच गई है। ऐसे में सरकार ने 20 शहरों और कस्बों में रात 8 से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू को लागू किया है।
#7 #8
ओडिशा और कर्नाटक में लागू किया गया है नाइट कर्फ्यू
ओडिशा में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,46,808 हो गई है। ऐसे में सरकार ने 5 अप्रैल से सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, बरगढ़, बोलंगीर, नुआपाड़ा, कालाहांडी, नवरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में रात 10 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया है।
इसी तरह कर्नाटक में मामले बढ़कर 10,48,085 पर पहुंच गए हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने कई हिस्सों में शनिवार से 20 अप्रैल तक रात 10 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया है।
#9 #10
जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में भी लागू है नाइट कर्फ्यू
जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,36,470 पर पहुंच गई। प्रशासन ने जम्मू, उधमपुर, कठुआ, श्रीनगर, बारामूला, बडगाम, अनंतनाग और कुपवाड़ा जिलों में रात 10 से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है।
इसी राजस्थान में भी संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,54,287 पर पहुंच गई है। ऐसे में सरकार ने 19 अप्रैल तक रात 8 से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया है। इसी तरह 17 अप्रैल तक स्कूलों को बंद कर दिया है।
जानकारी
राज्य सरकारों ने यह बताया लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू का कारण
कई राज्य सरकारों का कहना है कि वर्तमान में वैक्सीनों की कमी आने लगी है। ऐसे में वैक्सीन के अभाव में महामारी पर नियंत्रण के लिए लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू एक प्रभावी तरीका है। इसके जरिए लोगों के संपर्कों को सीमित किया जा सकता है।