कोरोना: महाराष्ट्र में बीते दिन मिले रिकॉर्ड मरीज, रविवार से लागू होगा नाइट कर्फ्यू
क्या है खबर?
तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने रविवार से राज्य में नाइट कर्फ्यू लागू करने का ऐलान किया है।
इस दौरान आवाजाही पर पाबंदी नहीं होगी, लेकिन रातों को लोग इकट्ठा नहीं हो पाएंगे।
सरकार ने यह फैसला शुक्रवार को लिया, जब राज्य में लगभग 37,000 नए मामले आए, जो महामारी की शुरुआत के बाद से अब तक मिले सर्वाधिक मामले हैं।
बता दें, राज्य में पहले से ही कुछ पाबंदियां जारी हैं।
महाराष्ट्र
जिलाधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने लिया फैसला
शुक्रवार को जिलाधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य में 28 मार्च से नाइट कर्फ्यू लागू करने का फैसला लिया है। अब राज्य के सभी मॉल्स रात 8 बजे बंद हो जाएंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री ठाकरे ने अधिकारियों से कड़ाई से आदेशों का पालन कराने को कहा है ताकि महामारी के लगातार तेज होते प्रसार पर रोक लगाई जा सके।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में पिछले एक महीने से तेजी से मामले बढ़ रहे हैं।
महाराष्ट्र
लॉकडाउन नहीं लगाना चाहता- ठाकरे
बैठक में ठाकरे ने कहा, "मैं लॉकडाउन नहीं लगाना चाहता, लेकिन कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या देखकर ऐसा लग रहा है कि मौजूदा स्वास्थ्य व्यस्थाएं कम पड़ सकती हैं। जिलों को बेडों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं के इंतजाम पर ध्यान देने को कहा गया है।"
हालांकि, ठाकरे ने चेताया कि अगर लोग नियम नहीं मानते हैं तो कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं, लेकिन अचानक से पूरे राज्य में लॉकडाउन नहीं लगेगा। इसके लिए पहले नोटिस दिया जाएगा।
जानकारी
उप मुख्यमंत्री भी कह चुके लॉकडाउन की बात
इससे पहले राज्य के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा था कि अगर लोग नहीं मानेंगे तो सरकार के पास लॉकडाउन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। सरकार 2 अप्रैल को लॉकडाउन लागू करने या न करने का फैसला लेगी।
कोरोना वायरस
महाराष्ट्र में बीते दिन मिले रिकॉर्ड मरीज
कोरोना महामारी से देश के सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में बीते दिन 36,902 मरीज मिले और 112 मौतें हुईं। महामारी की शुरुआत के बाद से ये देश के किसी भी राज्य में एक दिन में मिले सर्वाधिक मरीज हैं।
ताजा बढ़ोतरी के बाद महाराष्ट्र में कुल संक्रमितों की संख्या 26,37,735 हो गई है। इनमें से 2,82,451 सक्रिय मामले हैं, 23,00,056 लोग ठीक हो चुके हैं और 53,907 लोगों की इस खतरनाक वायरस के कारण मौत हुई है।
पाबंदियां
मध्य प्रदेश के पांच और शहरों में रविवार को लॉकडाउन
मध्य प्रदेश में भी कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
इसे देखते हुए राज्य सरकार ने विदिशा, उज्जैन, ग्वालियर, नरसिंहपुर और सौंसर में रविवार को लॉकडाउन लागू करने का फैसला किया है।
इंदौर, जबलपुर, बेतूल, छिंदवाड़ा, रतलाम और खरगौन में पहले से ही सिर्फ रविवार को लॉकडाउन रहता है।
राज्य में बीते दिन 2,091 मामले सामने आए नौ मौतें हुईं। इसी के साथ यहां संक्रमितों की कुल संख्या 2,84,265 हो गई है, जिनमें से 12,038 की मौत हुई है।