कोरोना वायरस: दिल्ली में कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू, केंद्र को यह मान लेना चाहिए- सत्येंद्र जैन
क्या राष्ट्रीय राजधानी में कम्युनिटी ट्रांसमिशन के कारण कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है? दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ऐसी ही आशंका जता रहे हैं। जैन ने कहा कि उन्हें लगता है कि दिल्ली में कोरोना वायरस का कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो गया है। उन्होंने यह भी कहा है कि केंद्र सरकार को अब यह बात मान लेनी चाहिए कि दिल्ली में कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो चुका है। आइये, यह पूरी खबर जानते हैं।
"केंद्र और ICMR ही कर सकते हैं टिप्पणी"
जैन ने कहा, "दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में बड़ी संख्या में लोग संक्रमित हो रहे हैं। अब तक यह मान लेना चाहिए था कि कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो चुका है, लेकिन केवल ICMR और केंद्र सरकार ही इस पर टिप्पणी कर सकती है।"
यहां देखिये जैन का बयान
क्या होता है कम्युनिटी ट्रांसमिशन?
यह लोकल ट्रांसमिशन का बड़ा रूप होता है। कम्युनिटी ट्रांसमिशन तब शुरू होता है, जब कोई व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जाए, लेकिन यह पता न चले कि वह व्यक्ति संक्रमित कैसे हुआ। अगर कोई ऐसा व्यक्ति संक्रमित पाया जाता है, जो न तो कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से लौटा है और न ही किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया है तो इसे कम्युनिटी ट्रांसमिशन का मामला माना जाएगा।
कब पता चलता है कि कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो गया?
आसान भाषा में जब एक तय क्षेत्र में संक्रमण के स्त्रोत का पता नहीं चलता है तो यह मान लिया जाता है कि कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो गया है। हर राज्य में स्वास्थ्य विभाग संक्रमित पाए गए लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग करता है। अगर ज्यादातर मामलों में संक्रमण के स्त्रोत का पता नहीं चल पाता है तो यह इस बात का संकेत है कि उस इलाके में कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो गया है।
पहले भी कम्युनिटी ट्रांसमिशन की बात कह चुके हैं जैन
यह पहली बार नहीं है जब जैन ने कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू होने की बात कही है। इससे पहले जून में जब दिल्ली बुरी तरह कोरोना की चपेट में आ चुकी थी, तब भी उन्होंने राजधानी में कम्युनिटी ट्रांसमिशन होने की बात कही थी। उस वक्त जैन ने कहा था कि दिल्ली के 50 प्रतिशत मरीजों के संक्रमित होने का स्त्रोत पता नहीं चल रहा है। यह कम्युनिटी ट्रांसमिशन की स्टेज है। हालांकि, केंद्र सरकार लगातार इससे इनकार करती आई है।
दिल्ली में संक्रमण ने फिर पकड़ी रफ्तार
दिल्ली में एक बार नियंत्रण में आ चुकी कोरोना संक्रमण की रफ्तार फिर से बढ़ने लगी है। पिछले कई दिनों से यहां बड़ी संख्या में नए मरीज मिल रहे हैं। बीते दिन दिल्ली में 4,127 नए लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की कुल संख्या 2.38 लाख हो चुकी है। इनमें से 4,907 लोगों की मौत हुई है। मरीजों की बढ़ती संख्या के साथ स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ने लगा है।
पूरे देश में तेजी से बढ़ रहे मामले
दिल्ली के साथ-साथ पूरे देश में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। बीते दिन देश में 93,337 नए मामले सामने आए और 1,247 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 53,08,014 हो गई है, वहीं 85,619 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। राहत की बात यह है कि 42 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं।