Page Loader
चंद्रबाबू नायडू ने लोगों से ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील की, ये है वजह
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने लोगों से ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील की है

चंद्रबाबू नायडू ने लोगों से ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील की, ये है वजह

लेखन आबिद खान
Oct 20, 2024
03:17 pm

क्या है खबर?

देश एक तरफ बढ़ती जनसंख्या की समस्या से जूझ रहा है तो आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू लोगों से ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील कर रहे हैं। दरअसल, नायडू राज्‍य में कम बच्‍चों के पैदा होने का लेकर चिंतित हैं और इसी वजह से उन्होंने ये ऐलान किया है। यही नहीं, वे ज्यादा बच्चे पैदा करने वाले लोगों को विशेष छूट देने की योजना भी बना रहे हैं।

बयान

क्या बोले नायडू?

नायडू ने कहा, "राज्‍य में उम्रदराज लोगों की आबादी बढ़ रही है। इसका एक कारण है कि युवा विदेशों में जाकर बस जाते हैं। इसे लेकर अब गंभीरता से सोचने की जरूरत है। एक समय हमने नियम बनाया था कि 2 से ज्‍यादा बच्‍चे न करें, किन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। अब हम ज्‍यादा बच्‍चे पैदा करने की अपील कर रहे हैं, ताकि राज्‍य का अस्तित्‍व कायम रहे और आर्थिक स्थिति भी बेहतर रहे।

छूट 

ज्यादा बच्चों वाले परिवारों को मिलेगी छूट

नायडू ने कहा, "हम अधिक बच्चे वाले परिवारों को प्रोत्साहन देने के बारे में सोच रहे हैं। हमने 2 से अधिक बच्चों वाले लोगों को स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने से रोकने वाले कानून को निरस्त कर दिया है। हम एक नया कानून लाएंगे, जिसमें केवल 2 से अधिक बच्चे वाले ही चुनाव लड़ पाएंगे।" बता दें कि 7 अगस्त को 2 से ज्यादा बच्चों वाले लोगों को निकाय चुनाव लड़ने से रोकने वाले कानून को निरस्त कर दिया था।

वजह

क्यों ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील कर रहे हैं नायडू?

नायडू ने दक्षिणी राज्यों में गिरती प्रजनन दर पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, "यहां प्रजनन दर 1.6 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय दर 2.1 से काफी कम है। अगर यही हाल रहा तो हमारे यहां 2047 तक बुजुर्गों की आबादी काफी ज्यादा हो जाएगी। आंध्र प्रदेश ही नहीं, देश के कई गांवों में अब सिर्फ बुजुर्ग ही बचे हैं, क्योंकि युवा पीढ़ी देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में पलायन कर गई है।"

चिंता

आबादी पर पहले भी चिंता जता चुके हैं नायडू

ये पहली बार नहीं है, जब नायडू ने घटती युवा आबादी पर चिंता जताई है। इससे पहले 2018 में भी उन्होंने इसी प्रकार की योजना का सुझाव देते हुए ज्यादा बच्चों वाले परिवारों को प्रोत्साहन देने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि अगर समय रहते इस मुद्दे का समाधान नहीं किया गया तो 2047 तक राज्य में बुजुर्गों की संख्या काफी बढ़ जाएगी। उन्होंने जापान और चीन जैसे देशों का उदाहरण भी दिया।

अनुमान

भारत की आबादी को लेकर अनुमान क्या कहते हैं? 

संयुक्त राष्ट्र (UN) की ओर से जारी विश्व जनसंख्या संभावना 2024 रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की जनसंख्या वर्ष 2060 के बाद घटना शुरू होगी, तब तक अपने चरम पर होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, 2060 के शुरुआती दशक में भारत की जनसंख्या करीब 1.7 अरब तक पहुंच जाएगी। इसके बाद इसमें 12 प्रतिशत की कमी आएगी। हालांकि, इस दौरान भारत चीन को पीछे छोड़ते हुए पूरे विश्व में सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश बना रहेगा।