Page Loader
दिल्ली विधेयक पर केंद्र सरकार को मिला TDP का साथ, राज्यसभा में आसान हुई राह
दिल्ली विधेयक पर केंद्र सरकार का समर्थन करेगी TDP (तस्वीर: ट्विटर/@ncbn)

दिल्ली विधेयक पर केंद्र सरकार को मिला TDP का साथ, राज्यसभा में आसान हुई राह

लेखन गजेंद्र
Aug 02, 2023
04:47 pm

क्या है खबर?

दिल्ली विधेयक को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ राज्यसभा में समर्थन जुटा रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को झटका लगा है। आंध्र प्रदेश की तेलुगू देशम पार्टी (TDP) ने केंद्र को समर्थन देने की घोषणा की है। NDTV के मुताबिक, दिल्ली में अधिकारियों की पोस्टिंग और ट्रांसफर से जुड़े राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक, 2023 का चंद्रबाबू नायडू की पार्टी संसद में समर्थन करेगी। पार्टी विपक्ष के खिलाफ मतदान की योजना बना रही है।

समर्थन

आंध्र प्रदेश का सत्ता और विपक्ष दोनों सरकार के साथ

दिल्ली विधेयक को TDP के समर्थन के बाद आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ और विपक्ष दोनों पार्टियां केंद्र के साथ आ गई हैं। जगन रेड्डी की YSR कांग्रेस पार्टी ने पहले ही समर्थन की घोषणा कर दी थी। बता दें, राज्यसभा में बहुमत का आंकड़ा 120 है। TDP के एक सांसद के अलावा बीजू जनता दल (BJD), YSRCP और बसपा के समर्थन से भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र के पास 127 सीटें हैं। 26 पार्टियों वाले विपक्ष के पास 109 सांसद हैं।