कोरोना महामारी के कारण पर्यटन उद्योग से जुड़े 2.15 करोड़ लोगों का रोजगार छिना- सरकार

कोरोना वायरस महामारी ने वैसे तो सभी क्षेत्रों को प्रभावित किया है, लेकिन लॉकडाउन के कारण पर्यटन उद्योग पर कुछ ज्यादा ही असर पड़ा है। यही कारण है कि महामारी की तीन लहरों के कारण देश में पर्यटन उद्योग से जुड़े करीब 2.15 करोड़ लोगों का रोजगार छिन गया और वह अब रोजगार के लिए भटक रहे हैं। केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने सोमवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह चौंकाने वाली जानकारी दी है।
NDTV के अनुसार, लोकसभा में प्रश्नकाल में विपक्ष ने कोरोना महामारी से पर्यटन उद्योग पर पड़े प्रभाव की जानकारी मांगी थी। इस पर पर्यटन मंत्री ने बताया कि देश में साल 2020 के बाद आई महामारी की तीन लहरों में पर्यटन उद्योग से जुड़े 2.15 करोड़ लोगों का रोजगार चला गया। उन्होंने बताया कि महामारी की पहली लहर में पर्यटकों में सबसे अधिक 93 प्रतिशत, दूसरी लहर में 79 प्रतिशत और तीसरी लहर में 64 प्रतिशत की कमी आई है।
पर्यटन मंत्री रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार ने पर्यटन पर महामारी के प्रभावों को लेकर एक अध्ययन कराया है। इसके अनुसार, पहली लहर में सबसे अधिक 1.45 करोड़ लोगों का रोजगार छिना था। इसी तरह दूसरी लहर में 52 लाख और तीसरी लहर में 18 लाख लोग बेरोजगार हुए। उन्होंने बताया कि देश में महामारी आने से पहले 3.8 करोड़ लोग पर्यटन उद्योग से जुड़े हुए थे। महामारी के कारण पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था में काफी गिरावट आई है।
पर्यटन मंत्री रेड्डी ने बताया कि सरकार पर्यटन उद्योग को गति देने के प्रयास कर रही है। अब तक वैक्सीन की 180 करोड़ से अधिक खुराकें लगाई जा चुकी है। इससे पर्यटन उद्योग की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा सरकार यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र के पक्षकारों को 10 लाख रुपये और गाइडों को एक लाख रूपये तक ब्याज मुक्त ऋण प्रदान कर रही है। वह सभी राज्यों से पर्यटन क्षेत्र की मदद करने की अपील करते हैं।
रेड्डी ने बताया सरकार की पर्यटन अनुकूल पहल से विश्व के पर्यटन स्थलों की रैंकिंग में भारत की स्थिति में 20 स्थानों का सुधार हुआ है। साल 2013 में भारत के रैंकिंग 52 थी जो 2019 में 32 पर आ गई है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को प्रोत्साहित करने के लिये सरकार ने पहले पांच लाख लाख पर्यटकों की वीजा फीस छोड़ने का निर्णय किया है। मार्च 2022 तक 51,960 नियमित और 1.57 लाख ई-वीजा जारी किए गए हैं।
नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला के हवाई किराए पर नियंत्रण करने और बढ़ते किराए के कारण पर्यटन उद्योग के प्रभावित होने के सवाल पर मंत्री रेड्डी ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर विचार-विमर्श कर रही है और हवाई किराए पर सब्सिडी दे रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों के लिए उड़ान भरने वाली एयरलाइनों को 'उड़ान' योजना के तहत किराए में सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। इससे हवाई किराए में राहत मिलने की उम्मीद है।
भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,503 नए मामले सामने आए और 27 मरीजों की मौत हुई। ये मई, 2020 के बाद एक दिन में सामने आए सबसे कम मामले हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,29,93,494 हो गई है। इनमें से 5,15,877 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 36,168 रह गई है। ऐसे में अब देश में पर्यटन क्षेत्र को गति मिलने की संभावना बढ़ गई है।