LOADING...
'केंद्रीय गृह मंत्री पदक' से सम्मानित किए गए 140 पुलिसकर्मी, 22 महिला अधिकारी भी शामिल  
इस साल 140 पुलिसकर्मियों को जांच में उत्कृष्टता के लिए गृह मंत्री पदक से सम्मानित किया गया है

'केंद्रीय गृह मंत्री पदक' से सम्मानित किए गए 140 पुलिसकर्मी, 22 महिला अधिकारी भी शामिल  

लेखन आबिद खान
Aug 12, 2023
02:39 pm

क्या है खबर?

देश के 140 पुलिसकर्मियों को साल 2023 में जांच में उत्कृष्टता के लिए 'केंद्रीय गृह मंत्री पदक' से सम्मानित किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आज इस बात की जानकारी दी है। इन 140 में 22 महिला अधिकारी भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा 15 पदक केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जुड़े अधिकारियों को मिले हैं। बता दें कि ये पदक साल 2018 से पुलिसकर्मियों को दिए जा रहे हैं।

राज्य

किस विभाग और राज्यों के पुलिसकर्मियों को मिला पदक?

मंत्रालय द्वारा जारी सूची के मुताबिक, CBI के बाद दूसरे नंबर पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जुड़े 12 अधिकारियों को पदक मिला है। इसके बाद उत्तर प्रदेश के 10, केरल और राजस्थान के 9, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के 8, मध्य प्रदेश के 7, गुजरात के 6, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के 5 पुलिस अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा बाकी पुलिसकर्मी अन्य राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संगठनों से हैं।

वजह

क्यों दिया जाता है पदक?

साल 2018 में तत्कालीन गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए 5 पुलिस पदक शुरू किए थे। इनमें जांच में उत्कृष्टता पदक, विशेष संचालन पदक, पुलिस आंतरिक सुरक्षा सेवा पदक, असाधारण कुशलता पदक और उत्कृष्ट एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक शामिल हैं। जांच में उत्कृष्टता पदक का उद्देश्य अपराध की जांच में उच्च मानकों के साथ पेशेवर रवैये को बढ़ाने, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा व काम से असाधारण साहस का परिचय देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करना है।

Advertisement

2022

2022 में 151 पुलिसकर्मियों को मिला था पदक

हर साल 12 अगस्त को इन पदकों की घोषणा की जाती है। पिछले साल यानी 2022 में 28 महिलाओं समेत कुल 151 पुलिसकर्मियों को यह पदक मिला था। तब CBI के 15, महाराष्ट्र पुलिस के 11, मध्य प्रदेश पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के 10-10, केरल पुलिस, राजस्थान पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस के 8-8 कर्मियों को यह सम्मान मिला था। 2021 में 152 पुलिसकर्मियों को इस पदक से सम्मानित किया गया था।

Advertisement

चयन

कैसे किया जाता है पदक विजेताओं का चयन?

गृह मंत्रालय पदक के लिए सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के पुलिस प्रमुखों और जांच एजेंसियों के प्रमुखों से योग्य उम्मीदवारों की सिफारिश मांगता है। इसमें 500 शब्दों में उम्मीदवार की सिफारिश, चरित्र और पूर्ववृत्त प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र जैसे दस्तावेज की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाती है। पुलिस और जांच एजेंसी प्रमुख हेड कांस्टेबल से लेकर पुलिस अधीक्षक तक के रैंक के अधिकारियों की सिफारिश पदक के लिए कर सकते हैं।

Advertisement