#NewsBytesExplainer: क्या है VFX और CGI में अंतर? जानिए इसके बारे में सबकुछ
क्या है खबर?
पिछले कुछ दशकों में फिल्म निर्माण के तौर-तरीकों में बदलाव देखने को मिला है। फिल्म निर्माता दर्शकों के लिए ऐसी फिल्में बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जो दर्शनीय हों।
इसके लिए वे VFX-CGI सहित कई विज़ुअल इफेक्ट तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हॉलीवुड के साथ-साथ अब बॉलीवुड भी इन तकनीकों के इस्तेमाल में आगे बढ़ रहा है।
कुछ लोग VFX और CGI को एक समझते हैं, लेकिन ये एक नहीं हैं।
कैसे? तो चलिए जानते हैं।
VFX
क्या होता है VFX?
VFX को ही विजुअस इफेक्ट कहा जाता है। इसने फिल्म निर्माण की कायापलट कर दी है। इस तकनीक ने ना केवल निर्माण को बल्कि अभिनय और लेखन के तौर-तरीकों को भी बदला है।
दरअसल, VFX ने फिल्म निर्माताओं को आजादी दी है, जिसके इस्तेमाल से वे अपनी कहानियों को मनचाहे तरीके से बयां करने में सक्षम हैं।
इस तकनीक से निर्माता अब कंप्यूटर का इस्तेमाल कर वह दृश्य दिखा सकते हैं, जो असल जिंदगी में कर पाना बहुत मुश्किल है।
इस्तेमाल
इसके इस्तेमाल से हो सकता है मनचाहा बदलाव
पहले सेट तैयार किए जाते हैं, जो फिर भी उस तरह के कमाल नहीं होते थे। हालांकि, अब VFX के इस्तेमाल से मनचाहा दृश्य और सेट बनाया जा सकता है।
निर्माता कैरेक्टर से लेकर बैकग्राउंड तक में बदलाव कर सकते हैं।
फिल्मों में वे सभी चीजें दिखाई जा सकती हैं, जिनका असल जिंदगी में कोई नामों-निशान नहीं है। इसका सबसे बढ़िया उदाहरण 'बाहुबली' फ्रेंचाइजी है, जिसमें ऐसे आलौकिक दृश्य दिखाए गए हैं जो धरती पर कहीं मौजूद नहीं हैं।
CGI
क्या होती है CGI तकनीक?
कई लोग अक्सर VFX और CGI को एक ही समझ लेते हैं। यह सच नहीं है। VFX की प्रक्रिया को तीन भागों में बांटा गया है और उनमें से एक CGI है।
CGI को कंप्यूटर जनरेटेड इमेज कहते है। यह VFX का एक अभिन्न अंग है, जो 2D और 3D मॉडल, इमेज और बैकग्राउंड बनाने में मदद करता है।
साफ शब्दों में CGI वह तकनीक है, जिससे कंप्यूटर प्लेटफॉर्म पर डिजिटल रूप से कुछ भी बनाया जा सकता है।
अंतर
क्या है VFX और CGI में अंतर?
इन दोनों में सबसे बड़ा अंतर है कि CGI, VFX का एक हिस्सा है। CGI का उपयोग करके किसी भी चीज का मॉडल बनाया जाता है, जिसके बाद आखिर में उन छवियों को आकार देने के लिए VFX का इस्तेमाल किया जाता है।
हालांकि, CGI और VFX को स्वतंत्र रूप से बनाना भी संभव है।
VFX को विशेष सॉफ्टवेयर का उपयोग करके बनाया जाता है, वहीं कंप्यूटर पर बनाई गई CGI इमेज को किसी विशेष सॉफ्टवेयर की जरूरत नहीं होती।
समय
VFX के लिए महत्वपूर्ण है समय लेकिन CGI के लिए नहीं
VFX बनाते वक्त समय की अहम भूमिका होती है। शुरुआती चरण में VFX तैयार किया जाता है और स्केच किया जाता है, जिसे पोस्ट प्रोडक्शन में अंतिम रूप दिया जाता है। इसका पूरा कंट्रोल विजुअल इफेक्ट मैनेजर के पास होता है।
हालांकि, CGI में यूजर को टाइमिंग या किसी खास सुपरवाइजर को चुनने की चिंता नहीं करनी पड़ती। कंप्यूटर एनिमेशन भी CGI का ही एक हिस्सा है और आज लगभग हर कंपनी CGI का इस्तेमाल करती है।
उदाहरण
इन फिल्मों में हुआ VFX और CGI का इस्तेमाल
VFX और CGI का इस्तेमाल करने वाली फिल्मों की बात करें तो आज के दौर की ज्यादातर सभी फिल्मों में इन तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है।
'बाहुबली' से लेकर 'कृष 3' तक बॉलीवुड की शानदार VFX फिल्में। इनमें रणबीर कपूर की 'ब्रह्मास्त्र', शाहरुख खान की 'रा वन' और 'धूम 3' का नाम भी शामिल है।
रजनीकांत की '2.0', 'तान्हाजी', 'RRR', 'पद्मावत', 'फैन', 'टाइगर जिंदा है', 'किक' और 'भाग मिल्खा भाग' जैसी फिल्में भी इस सूची में शामिल हैं।