Page Loader
विदेश में करनी है पढ़ाई तो TOEFL और IELTS के लिए ऐसे करें तैयारी, मिलेगी सफलता
विदेश में पढ़ाई करने के लिए अलग-अलग देशों में अंग्रेजी की परीक्षा पास करनी होती है, TOEFL, IELTS इनमें से एक है

विदेश में करनी है पढ़ाई तो TOEFL और IELTS के लिए ऐसे करें तैयारी, मिलेगी सफलता

लेखन तौसीफ
Sep 07, 2022
10:00 pm

क्या है खबर?

विदेश में पढ़ाई करने का सपना देख रहे छात्रों को अलग-अलग देशों में अंग्रेजी की परीक्षा पास करनी होती है। इसके साथ ही इस परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने होते हैं, जिसके बाद उन्हें अपने पसंद की यूनिवर्सिटी में एडमिशन मिल पाता है। ऐसा ही परीक्षाओं के नाम हैं टेस्ट ऑफ इंग्लिश फॉरेन लैंग्वेज (TOEFL) और अंतरराष्ट्रीय अंग्रेजी भाषा जांच प्रणाली (IELTS)। अगर आपको इन परीक्षाओं की तैयारी करनी है तो हम आपको इससे जुड़ी जानकारी देंगे।

IELTS

IELTS क्या है?

भारत में IELTS का आयोजन IDP : IELTS आस्ट्रेलिया द्वारा किया जाता है। IELTS में आपके अंग्रेजी भाषा में बोलने, सुनने, पढ़ने और लिखने की क्षमता को जांचा जाता है। आप चाहें तो यह परीक्षा कंप्यूटर पर या फिर पेन और पेपर पर लिख कर दे सकते हैं। इस परीक्षा में स्कोर बैंड 1 से 9 तक दिया जाता है। बैंड 6 या इससे ऊपर प्राप्त बैंड स्कोर बेहतर माना जाता है।

TOEFL

TOEFL क्या है?

TOEFL का आयोजन शैक्षिक परीक्षण सेवा (ETS) संस्था कराती है। इस परीक्षा में भी आपके अंग्रेजी भाषा में बोलने, सुनने, पढ़ने और लिखने की क्षमता को जांचा जाता है। TOEFL का स्कोर लगभग 190 देशों की 11,000 यूनिवर्सिटी में मान्य है। इस परीक्षा में 0 से 120 पॉइंट्स के आधार पर मार्किंग की जाती है। 90 या इससे ज्यादा पॉइंट्स को सबसे अच्छा स्कोर माना जाता है। आइए अब जानते हैं कि इन दोनों परीक्षाओं की तैयारी कैसे की जाये।

शब्दावली

शब्दावली पर ध्यान देना है जरूरी

किसी भी भाषा को सीखने के लिए शब्दावली सबसे जरूरी है। शब्दावली पर एक मजबूत पकड़ हासिल करने से आपको इनमें से किसी भी परीक्षा में बहुत अधिक अंक प्राप्त करने में मदद मिल सकती है। बोलते या लिखते समय अलग-अलग शब्दों का उपयोग करने से आपको दूसरों से एक अलग पहचान मिल सकती है। इस अभ्यास से आपको परीक्षा में पूछे गए सवाल आसान लगेंगे और निश्चित रूप से आपके स्कोरकार्ड में नतीजे बेहतर दिखेंगे।

मॉडल टेस्ट

मॉडल टेस्ट पेपर हल करें

अंग्रेजी में कहावत है, "प्रैक्टिस मेक्स मैन परफेक्ट" यानी आप जितना अभ्यास करेंगे आप उस काम में उतने अच्छे होंगे। यही नियम इसमें भी लागू होता है, आप जितने अधिक मॉडल टेस्ट पेपर हल करेंगे, उतना ही बेहतर तरीके से आप यह समझ सकेंगे कि आपने किन क्षेत्रों में कमजोर हैं आपको कहां-कहां काम करने की आवश्यकता है। इसके अलावा आपकी प्रश्नों को हल करने की गति भी बढ़ेगी, जिससे परीक्षा में आप सवालों को समय पर पूरा कर लेंगे।

फायदा

अंग्रेजी फिल्में देखने से होगा फायदा

अंग्रेजी फिल्में और सीरीज देखना आपको शब्दावली के साथ और अधिक सहज बना देगा और आपके सुनने के कौशल को भी बढ़ाएगा। बेहतर होगा कि अंग्रेजी फिल्म देखने के दौरान आप उपशीर्षक भी चालू रखें, इससे आपको शब्द याद रहेंगे। इस अभ्यास को नियमित रूप से करने से आपको शब्दों के उच्चारण करने में सहजता होगी। इसके अलावा आप यह समझ सकेंगे कि किस शब्द का कहां प्रयोग करना है।

समय प्रबंधन

समय प्रबंधन पर दें ध्यान

IELTS या TOEFL को पास करने के लिए समय प्रबंधन सबसे जरूरी है। चूंकि IELTS या TOEFL दोनों ही समयबद्ध परीक्षाएं हैं, इसलिए आपको प्रति प्रश्न खर्च किए गए मिनटों का हिसाब रखना चाहिए। अपने लेखन और टाइपिंग की गति पर काम करने से आपको परीक्षा में काफी फायदा मिल सकता है। इसलिए आपको जैसा कि पहले भी बताया गया है कि मॉडल टेस्ट पेपर देते रहें ताकि आपकी प्रश्नों के उत्तर लिखने की गति बनी रहे।

स्टडी प्लान

परीक्षा के लिए स्टडी प्लान है जरूरी

किसी भी प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए सबसे जरूरी यह होता है कि आप उसके लिए अपना स्टडी प्लान बना लें, IELTS या TOEFL के लिए भी यही बात सबसे अधिक जरूरी है। स्टडी प्लान करने से आप अपना रोज का टारगेट तय कर सकेंगे और इस अनुसार तैयारी करने से आप समय पर न सिर्फ सिलेबस खत्म कर लेंगे बल्कि पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा भी दे सकेंगे।