Page Loader
JEE मेन का आयोजन करेगा JEE अपेक्स बोर्ड, शिक्षा मंत्रालय ने जारी किए आदेश
JEE मेन का आयोजन करेगा JEE अपेक्स बोर्ड

JEE मेन का आयोजन करेगा JEE अपेक्स बोर्ड, शिक्षा मंत्रालय ने जारी किए आदेश

लेखन राशि
Oct 19, 2023
05:02 pm

क्या है खबर?

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) और अन्य तकनीकी संस्थानों के इंजीनियरिंग कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE मेन) का आयोजन होता है। अब इस परीक्षा का आयोग JEE अपेक्स बोर्ड (JAB) करेगा। इसको लेकर शिक्षा मंत्रालय ने आदेश जारी कर दिए हैं। मंत्रालय ने बोर्ड की सरंचना और प्रशासनिक ढांचे के पुनर्गठन के लिए निर्देश दिए हैं। इसके अलावा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के कार्यों की भी जानकारी दी है।

JAB

JAB के ऊपर होगी ये जिम्मेदारी

मंत्रालय ने शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए JEE मेन और JEE एडवांस्ड परीक्षा के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड के पुनर्गठन का फैसला किया है। JAB के पास एक स्थायी सचिवालय होगा जो NTA द्वारा प्रदान किया जाएगा। JAB पूरी परीक्षा के संचालन के लिए नीतियां, नियम और विनियमों को स्थापित करने की जिम्मेदारी निभाएगा। इसके साथ ही JEE एडवांस्ड के लिए आयोजन संस्था के साथ समन्वय भी करेगा।

सदस्य

JAB में शामिल होंगे इतने सदस्य

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के कुलपति प्रोफेसर एसके जैन को JAB का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा IIT बॉम्बे, IIT गुवाहाटी, NIT राउरकेला, IIT मद्रास, NIT सुरथकल, IIIT हैदराबाद, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के अध्यक्ष, NTA और C-डैक के महानिदेशक JAB के सदस्य होंगे। भारतीय सांख्यिकी संस्थानों (ISI) के वरिष्ठ प्रतिनिधि, मध्य प्रदेश, असम, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र सरकार के प्रतिनिधि भी JAB में शामिल होंगे। JAB को JEE इंटरफेस ग्रुप द्वारा सहायता मिलेगी।

NTA

NTA के ऊपर होगी ये जिम्मेदारी

आदेश के मुताबिक, NTA परीक्षा से पहले और बाद के कामों के लिए सूचना प्रौद्योगिकी और बैक-एंड गतिविधियों का प्रबंधन करेगा। NTA देशभर में JEE मेन के संचालन के लिए प्रशासनिक और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराएगा। इसमें ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करना भी शामिल है। NTA के सदस्य JAB के सहयोगी साथी के रूप में काम करेंगे। NTA आवश्यकता पढ़ने पर सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (C-डैक) से सहायता मांग सकता है।

परीक्षा

कब होगी JEE मेन परीक्षा?

JEE मेन परीक्षा 2 सत्रों में आयोजित होती है। साल 2024 के लिए प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, JEE मेन का पहला सत्र 24 जनवरी से 1 फरवरी, 2024 तक होगा। JEE मेन के दूसरे सत्र का आयोजन 1 से 15 अप्रैल के बीच किया जाएगा। ये परीक्षा कंप्यूटर आधारित पैटर्न पर आयोजित होगी। इसमें भौतिकी, गणित और रसायन विज्ञान से सवाल पूछे जाते हैं। JEE मेन में उत्तीर्ण उम्मीदवार JEE एडवांस्ड में भाग लेते हैं।