Page Loader
अगर हिंदी भाषा पर है पकड़ तो इन क्षेत्रों में बनाएं करियर, होगी अच्छी कमाई
हिंदी भाषा का प्रयोग भारत के अलावा विदेशों में भी होने लगा है

अगर हिंदी भाषा पर है पकड़ तो इन क्षेत्रों में बनाएं करियर, होगी अच्छी कमाई

लेखन तौसीफ
Jun 27, 2022
06:00 pm

क्या है खबर?

अब हिंदी भाषा का प्रयोग भारत के अलावा विदेशों में भी होने लगा है और हिंदी के जानकारों की जरूरत बढ़ती जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी हिंदी भाषा के यूजर्स बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए हाल ही में लिंक्डइन में हिंदी भाषा का सपोर्ट शामिल किया गया था। अगर आपको हिंदी भाषा का अच्छा ज्ञान है और वर्तनी की सही समझ रखते हैं तो आप नीचे बताए गए करियर विकल्पों के बारे में सोच सकते हैं।

राजभाषा अधिकारी

राजभाषा अधिकारी की करें तैयारी, पाएं सरकारी नौकरी

हिंदी भाषा के जानकार राजभाषा अधिकारी के पद पर नौकरी कर सकते हैं। देश के विभिन्न बैंकों और अन्य सरकारी विभागों की तरफ से राजभाषा अधिकारी के पद पर नौकरी निकाली जाती हैं। राजभाषा अधिकारी हिंदी अनुवाद के अलावा हिंदी दिवस और हिंदी पखवाड़ा मनाने, हिंदी कार्यशालाओं का आयोजन करने, गृह पत्रिका का संपादन करने जैसे कई कार्य करते हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवार का ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन में हिंदी विषय से पास होना अनिवार्य है।

शिक्षक

शिक्षक या प्रोफेसर बनें

हिंदी भाषा पर अच्छी पकड़ रखने वाले लोग शिक्षक या प्रोफेसर बनकर अच्छी कमाई कर सकते हैं। अगर आप ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं तो अब आप PhD की पढ़ाई कर सकते हैं। इसके बाद विभिन्न विश्वविद्यालयों में आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा शिक्षक बनने के लिए आप केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की तरफ से आयोजित की जाने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) भी दे सकते हैं।

वॉयस ओवर कलाकार

आवाज अच्छी है तो बनें वॉयस-ओवर कलाकार

एंटरटेनमेंट की दुनिया दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और हर महीने कई विदेशी और अन्य स्थानीय भाषाओं की फिल्में भारत में लॉन्च हो रही हैं। इन फिल्मों के डायरेक्टर को हिंदी भाषी क्षेत्र के दर्शकों के लिए अनुवादक चाहिए होता है। अगर आपके पास बोलने की स्किल और अच्छी आवाज है तो आप वॉयस-ओवर कलाकार के रूप में अपना करियर बना सकते हैं। वॉयस-ओवर कलाकारों की कार्टून शो, रेडियो स्टेशनों, पॉडकास्ट, विज्ञापनों की डबिंग में भी काफी डिमांड रहती है।

टाइपिंग

हिंदी टाइपिंग सीखने के बाद सरकारी और प्राइवेट क्षेत्र में मिलेंगी नौकरियां

टाइपिस्ट की मांग हर क्षेत्र में है। अगर आप हिंदी में टाइपिंग सीख जाएं और टाइपिंग की गति अच्छी हो तो आपके लिए सरकारी नौकरी के साथ-साथ प्राइवेट क्षेत्र में भी नौकरी करने के कई अवसर खुल जाएंगे। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) और विभिन्न राज्यों के कर्मचारी चयन बोर्ड इन पदों के लिए लगभग हर साल भर्ती निकालते हैं। वहीं प्राइवेट क्षेत्र में भी इन पदों के लिए रिक्तियां निकलती रहती हैं।