Page Loader
भारतीय रेलवे में 2.63 लाख पद खाली, रेलवे मंत्री ने दी जानकारी
भारतीय रेलवे में 2.63 लाख पद खाली

भारतीय रेलवे में 2.63 लाख पद खाली, रेलवे मंत्री ने दी जानकारी

लेखन राशि
Aug 03, 2023
12:54 pm

क्या है खबर?

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में भारतीय रेलवे में खाली पड़े पदों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे में अभी गैजटेड और नॉन गैजटेड संवर्ग के 2,63,913 पद खाली हैं। इन रिक्तियों को भरे जाने के लिए लगातार भर्ती प्रक्रिया चल रही है। रेल मंत्री ने लोकसभा में कनिमोई करूणानिधि, एम सेल्वराज, कौशलेंद्र कुमार, पी आर नटराजन और हिबी ईडेन के सवाल पर लिखित उत्तर में ये जानकारी साझा की।

रिक्ति

रेल मंत्री ने दिया रिक्तियों का ब्यौरा

लोकसभा में रेलमंत्री से सवाल पूछा गया था कि क्या उन्हें रेलवे में कर्मचारियों की भारी कमी के बारे में पता है? इसके साथ ही लोकसभा सदस्यों ने रेल मंत्री से रेलवे में खाली पड़े पदों का ब्यौरा भी मांगा था। इसके लिखित जवाब में रेल मंत्री ने बताया कि 1 जुलाई, 2023 तक रेलवे में गैजटेड संवर्ग के 2,680 पद और नॉन गैजटेड संवर्ग के 2,61,233 पद खाली हैं। इन पदों को जल्द ही भरा जाएगा।

खाली

खाली पदों को भरने की प्रक्रिया लगातार जारी

रेल मंत्री ने कहा, "भारतीय रेलवे में पदों का रिक्त होना और उन्हें भरा जाना एक सतत प्रक्रिया है। हाल ही में कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से कुल 1,39,050 उम्मीदवारों की भर्ती की गई है।" उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से 30 जून, 2023 के बीच ग्रुप C के 1,36,773 पदों पर रिक्तियां भरी गई हैं। इसमें सरंक्षा श्रेणी में 1,11,728 पद शामिल हैं। उन्होंने परिचालन संबंधी जरूरतों के अनुसार भर्तियां किए जाने की बात कही।

अपरेंटिसशिप

अपरेंटिसशिप पदों के लिए जारी है भर्ती प्रक्रिया

भारतीय रेलवे में अलग-अलग जोन द्वारा अपरेंटिसशिप ट्रेनिंग के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है। रेलवे भर्ती सेल पश्चिमी क्षेत्र ने जून में 3,624 पदों पर अपरेंटिसशिप नियुक्तियों के लिए आवेदन मांगे थे। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 26 जुलाई को खत्म हो चुकी है। अब भर्ती प्रक्रिया जारी है। पूर्वोत्तर रेलवे ने भी 1,104 पदों पर अपरेंटिसशिप नियुक्तियों के लिए आवेदन मांगे थे। इन पदों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 2 अगस्त को खत्म हो चुकी है।

भर्ती

भर्ती प्रक्रिया की रफ्तार बढ़ी

पिछले कुछ महीनों से रेलवे समेत अलग-अलग विभागों में भर्ती प्रक्रिया की रफ्तार बढ़ी है। रेल मंत्री ने बताया कि परिचालन संबंधी जरूरतों के अनुसार भर्ती एजेंसियों को रेलवे द्वारा मांगपत्र दिया जाता है। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होती है। केंद्र सरकार ने जल्द से जल्द रेलवे के खाली पदों को भरने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में आगामी समय में कई पदों के लिए भर्ती अधिसूचना जारी होने की संभावना है।