Page Loader
MG मोटर्स ने पेश की NFT, भारत में ऐसा करने वाली बनी पहली कार कंपनी
MG मोटर्स ने भारत में पेश की NFT

MG मोटर्स ने पेश की NFT, भारत में ऐसा करने वाली बनी पहली कार कंपनी

Dec 16, 2021
10:30 pm

क्या है खबर?

MG मोटर्स ने भारत में अपना पहला नॉन-फंजिबल टोकेन (NFT) लॉन्च कर दिया है। इसके साथ ही यह भारत में ऐसा करने वाली पहली ऑटोमोटिव कंपनी भी बन गई है। यह NFT 28 दिसंबर दोपहर 12 बजे से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा और इसमें केवल 1,111 यूनिट्स को ही बिक्री के लिए रखा जा रहा है। NFT कोइनअर्थ (KoineArth) को NgageN प्लेटफॉर्म पर लॉन्च किया जा रहा है, जिसे MG के लेनदेन के लिए डिजाइन किया गया है।

परिचय

क्या होता है NFT?

NFT या नॉन-फंजिबल टोकेन ब्लॉकचेन पर मौजूद डिजिटल संपत्ति हैं, जो इमेज, वीडियो, टेक्स्ट और ट्वीट्स के रूप में आते हैं। ब्लॉकचेन एक पब्लिक लेजर के तौर पर काम करती है, जिससे इनकी सत्यता और मालिकाना हक का पता लगाया जा सके। लगभग हर तरह की डिजिटल चीजों को NFT में बदला जा सकता है और यह अपने खास डिजिटल सिग्नेचर के चलते सबसे अलग होते हैं। इनके डिजिटल राइट्स को क्रिप्टोकरेंसी या फिर डॉलर में खरीदा जा सकता है।

जानकारी

क्यों महत्वपूर्ण होते हैं ये?

डिजिटल संपती में निवेश करने वाले इसे भविष्य में मालिकाना हक के एक नए साधन के रूप में देखते हैं। उनका मानना है कि आने वाले वक्त में इवेंट टिकट्स से लेकर घरों तक की ओनरशिप ऐसे टोकेन्स की शक्ल में दी जाएगी। आर्टिस्ट्स और डिजिटल क्रिएटर्स के लिए NFTs ने कमाई के नए विकल्प खोल दिए है। आने वाले वक्त में इसी तरह म्यूजिक कॉन्सर्ट्स और इवेंट्स की सीटें भी बुक कराई जा सकती हैं।

जानकारी

चार श्रेणियों में बटा है यह टोकन

MG मोटर्स के नॉन-फंजिबल टोकेन को चार श्रेणियों में में बांटा गया है। यह क्रमशः संग्रहणीय, समुदाय और विविधता, सहयोगी कला और CaaP (कार एज अ प्लेटफॉर्म) हैं। इसे MG के चार मुख्य स्तंभों- विविधता, अनुभव, समुदाय और आविष्कार के आधार पर रखा गया है।

बयान

समाजिक कार्यों में उपयोग होगी पहली कमाई- MG मोटर्स

MG मोटर्स के मुख्य परिचालन अधिकारी गौरव गुप्ता ने कहा, "एक ऑटो-टेक ब्रांड के रूप में आविष्कार हमेशा MG के लिए एक प्रेरणा स्रोत रहा है। इसके साथ हम NFT को लोगों के बीच लाने के लिए कदम उठा रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "हम NFT में अपने प्रवेश के लिए कोइनअर्थ के साथ संबंधों का विस्तार कर रहे हैं और इस बिक्री से होने वाली आमदनी को MG सेवा के तहत सामाजिक कार्यों के लिए उपयोग किया जाएगा।"

जानकारी

भारतीय रुपयों में आएगा NFT

कोइनअर्थ के संस्थापक प्रफुल चंद्रा के मुताबिक MG मोटर्स के द्वारा जारी NFT को भारतीय रुपयों के आधार पर बनाया जाएगा और यह GST अनुपालन के साथ होगा। इसमें ब्लॉकचेन तकनीक का उपयोग करने वाले खरीदारों को उनके टोकन के लिए एक प्रमाण पत्र दिया जाएगा। MG के साथ अपनी साझेदारी के बारे में प्रफुल चंद्रा ने कहा, "हम NFT में तेजी लाने के लिए ब्रांड और निर्माण के साथ एक उपयोगी साझेदारी की आशा करते हैं।"

न्यूजबाइट्स प्लस

ये हैं भारत के कुछ सबसे महंगे NFTs

भारत में एक्टर्स और क्रिकेटर्स को चाहने वाले सबसे ज्यादा पाए जाते हैं। इसलिए यहां स्पोर्ट्स और फिल्मी जगत के NFTs सबसे ज्यादा और ऊंचे दामों में बेचे जाते हैं। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन की 'मधुशाला' के NFT कलेक्शन, ऑटोग्राफ किए गए पोस्टर और कलेक्टिबल्स एक नीलामी में करीब 7.18 करोड़ रुपये में बिके। दूसरी तरफ पेंटर वजीरएक्स ने अपनी एक पेंटिंग को 2.67 लाख रुपये में बेचा था।