देश में बिकने वाली इलेक्ट्रिक कारों में ये हैं पांच सबसे सस्ती गाड़ियां
क्या है खबर?
देश में लगातार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा होने के कारण भारतीय ग्राहक इलेक्ट्रिक कारों की तरफ बढ़ रहे हैं।
इस समय भारत में कई इलेक्ट्रिक कारें उपलब्ध हैं। टाटा से लेकर जगुआर तक, कई ऑटो कंपनियों ने देश में अपनी इलेक्ट्रिक कारें पेश की हैं।
ये अन्य कारों से महंगी होती हैं, लेकिन कम दाम में इलेक्ट्रिक कार खरीदने की इच्छा रखने वाले ग्राहक यहां से पांच सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कारों के बारे में जान सकते हैं।
#1
टाटा टिगॉर इलेक्ट्रिक वाहन (Tata Tigor EV)
टाटा की इलेक्ट्रिक कार टिगॉर देश में उपलब्ध इलेक्ट्रिक कारों में सबसे सस्ती है।
इसमें 21.5kWh का बैटरी पैक दिया है, जो 40.2bhp की पावर और 105Nm का टॉर्क देती है।
इसकी टॉप स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसकी बैटरी को पूरा चार्ज होने में लगभग 11.5 घंटे का समय लगता है।
वहीं, 15kW के चार्जर से यह दो घंटे में 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है।
इसकी कीमत 9.58-9.90 लाख रुपये के बीच में है।
#2
महिंद्रा E-वेरिटो (Mahindra E-Verito)
इसके बाद महिंद्रा की E-वेरिटो सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कारों में दूसरे नंबर पर है।
इसमें 21.2kWh की बैटरी दी गई है, जो 41.5bhp की पावर के साथ-साथ 91Nm का टॉर्क देने में सक्षम है।
इसकी टॉप स्पीड 86 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसे एक बार फुल चार्ज करने के बाद यह 140 किलोमीटर की रेंज देती है।
इसे DC फास्ट चार्जिंग के जरिये 80 प्रतिशत चार्ज होने में 1.5 घंटे का समय लगता है।
इसकी कीमत 10.15-10.49 लाख रुपये है।
#3
टाटा नेक्सन इलेक्ट्रिक वाहन (Tata Nexon EV)
टाटा नेक्सन EV देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है। साथ ही किफायती भी है।
इसमें दी गई 30.2kWh की बैटरी 127bhp की अधिकतम पावर के साथ-साथ 245Nm का टॉर्क देने में सक्षम है।
यह सिंगल चार्ज में 312 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। इसकी बैटरी को 20-80 प्रतिशत तक चार्ज होने में एक घंटे का समय लगता है।
इसकी कीमत 13.99-16.40 लाख रुपये के बीच में है।
#4
MG ZS EV
पिछले साल लॉन्च हुई MG ZS EV भी देश में मौजूद किफायती इलेक्ट्रिक कार है।
इसमें 44.5kWh की बैटरी दी गई है, जो 142bhp की पावर के साथ-साथ 353Nm का टॉर्क देती है।
इसे एक बार फुल चार्ज करने के बाद यह 419 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। 7.4kW के AC चार्जर के साथ इसकी बैटरी को फुल चार्ज होने में छह से आठ घंटे का समय लगता है।
इसकी कीमत 20.99-24.18 लाख रुपये के बीच में है।
#5
हुंडई कोना (Hyundai Kona)
इस लिस्ट में आखिरी नाम कई शानदार फीचर्स से लैस हुंडई कोना का है। इसमें दिया गया 39.2kWh का बैटरी पैक 134bhp की पावर के साथ-साथ 395Nm का टॉर्क देने में सक्षम है।
इसे 7.2kW के AC चार्जर से फुल चार्ज करने में छह घंटे का समय लगता है। इसे एक बार फुल चार्ज करने के बाद यह 452 किलोमीटर की दूरी तय करने में सक्षम है।
इसकी कीमत 23.75-23.94 लाख रुपये के बीच में है।