
कम्यूटर की जगह प्रीमियम बाइक्स की बिक्री में इजाफा, ऐसे हैं पहली तिमाही के आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय मोटरसाइकिल बाजार में वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 9.2 प्रतिशत की भारी गिरावट देखी गई है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) का मानना है कि इसका कारण पूरे सेगमेंट में इंवेंट्री में कमी है। इसके अलावा आंकड़े यह भी दर्शाते हैं कि पिछले 3 महीनों में कम्यूटर सेगमेंट की जगह प्रीमियम बाइक्स ग्राहकों को ज्यादा पसंद आ रहे हैं। इसी कारण 100cc कम्यूटर बाइक सेगमेंट में 13 प्रतिशत की गिरावट आई है।
100cc सेगमेंट
100cc बाइक्स की बिक्री में आई गिरावट
दोपहिया वाहन कंपनियों ने पहली तिमाही में 13.06 लाख 100cc कम्यूटर बाइक बेची हैं, जिसकी तुलना में पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में बिकीं मोटरसाइकिल्स से 1.96 लाख कम हैं। हीरो मोटोकॉर्प HF डीलक्स, पैशन, स्प्लेंडर जैसे मॉडल्स की बदौलत 10.91 लाख बिक्री के साथ इस सेगमेंट में सबसे आगे है, लेकिन उसे भी 8.63 प्रतिशत की गिरावट झेलनी पड़ी। बजाज 94,618 प्लेटिना 100 की बिक्री के साथ दूसरे और होंडा 49,318 शाइन 100 बेचकर तीसरे पायदान पर है।
125-150cc
125-150cc सेगमेंट में सबसे बड़ी गिरावट
100-125cc एक्जीक्यूटिव कम्यूटर श्रेणी में 8.6 लाख बिक्री रही, जो वित्त वर्ष 2025 में बिकीं 9.13 लाख से 6 प्रतिशत कम है। इसमें भी हीरो 4.32 लाख बिक्री के साथ सबसे आगे है। इसके अलावा, 125-150cc बाइक सेगमेंट में बिक्री में 37 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 1.10 लाख रही है, जो वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में बिकीं 1.74 लाख थी। इसमें बजाज लोकप्रिय पल्सर मॉडल की 47,054 बिक्री के साथ शीर्ष पर है।
250-350cc
250-350cc सेगमेंट में रॉयल एनफील्ड का दबदबा
150-200cc मोटरसाइकिल सेगमेंट में बिक्री केवल 2 प्रतिशत घटकर 3.27 लाख रह गई है। इस सेगमेंट में TVS मोटर का दबदबा रहा है, जिसने 13 फीसदी की वृद्धि के साथ 1.36 लाख बाइक बेची हैं। 200-250cc श्रेणी में 8 फीसदी की बढ़त के साथ 38,157 बिक्री हासिल की है, जिसमें TVS रोनिन की सबसे आगे (14,530) है। इसके अलावा रॉयल एनफील्ड बाइक्स के दम पर 250-350cc सेगमेंट में 13 फीसदी की बढ़त के साथ 2.20 लाख की बिक्री दर्ज हुई।